घर के अंदर बाड़ी में लहलहा रही थी गांजे की फसल, कोतवाली पुलिस की दबिश, भारी मात्रा में गांजे के पेड़ जब्त, आरोपी गिरफ्तार

कटनी, यशभारत। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घर की बाड़ी में लहलहा रहे गांजे के पौधे जब्त किए हैं। जब्त किए गांजा की कीमत 40 हजार रुपए आंकी गई है। कोतवाली थाना प्रभारी राखी पाण्डेय ने बताया कि अवैध स्मैक, गांजा, नशीली गोलियों एवं अवैध शराब के विरूद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गणेश उत्सव के दृष्टिगत कानून-व्यवस्था का जायजा लेने हेतु कोतवाली पुलिस टीम द्वारा थाना क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों कैलवारा खुर्द, पौंसरा एवं खरखरी में भ्रमण किया जा रहा था।
भ्रमण के दौरान पुलिस टीम ग्राम द्वारा बस्ती पहुंची। पुलिस वाहन को देखकर एक व्यक्ति अचानक घबराकर अपनी बाड़ी से बाहर निकलकर भागने का प्रयास करने लगा। व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधि को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर व्यक्ति घबराते हुए कहने लगा कि “साहब, मेरी बाड़ी में कुछ नहीं लगा है, आपको किसी ने गलत सूचना दी है।” उसकी बातों एवं व्यवहार पर संदेह होने पर पुलिस टीम ने उसका नाम-पता पूछा। उसने अपना नाम गुड्डा उर्फ कृष्ण कुमार गर्ग पिता कामता प्रसाद गर्ग, उम्र 55 वर्ष, निवासी ग्राम द्वारा बताया।
बाड़ी के अंदर पहुंचते ही खुला नशे की खेती का राज
संदेही को साथ लेकर पुलिस टीम द्वारा उसकी बाड़ी की तलाशी ली गई। बाड़ी के अंदर हरे-भरे पत्तीदार 02 पौधे उचांई लगभग 10 फीट लगे हुए पाए गए। पुलिस टीम द्वारा मौके पर पौधों की पहचान की गई, जिसमें दोनों पौधे गांजे के पौधे होना पाए गए। पौधों के संबंध में आरोपी से पूछताछ करने पर वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पुलिस द्वारा 04.210 किलोग्राम गांजे के पौधे जप्त किये गए। जप्त किए गए दोनों गांजे के पौधों का कुल वजन 04.210 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 40,000/- है। आरोपी का कृत्य धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत पाए जाने पर थाना कोतवाली कटनी में अपराध क्रमांक 1090/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय ने बताया कि समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से कोतवाली पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के विरूद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है, इसी क्रम में कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। अवैध रूप से मादक पदार्थों का विक्रय, परिवहन एवं उत्पादन करने वालों के विरूद्ध पुलिस की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
पुलिस टीम की अहम भूमिका-
उक्त कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक (अजाक) सुश्री शिवा पाठक के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय, सउनि. प्रहलाद पैकरा, प्र.आर. पुष्पराज सिंह, अनिल सेंगर, वीरेन्द्र प्रताप सिंह एवं आर. दीपक तिवारी की अहम भूमिका रही।







