मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर चलती स्लीपर बस बनी आग का गोला, बाल-बाल बचे यात्री,देखे वीडियो ……..

मुंबई,यशभारत। मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पनवेल के पास पुणे की ओर जा रही एक स्लीपर बस में अचानक आग लग गई। बस में आग लगते ही यात्रियों को तत्काल बाहर निकाला गया। राहत की बात रही कि हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब 7:55 बजे पनवेल क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 16 के पास पुणे जाने वाली लेन पर हुई। चलती बस में अचानक आग भड़कने से यात्रियों और आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही पनवेल और खोपोली नगर परिषद की दमकल टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की तीव्रता को देखते हुए अतिरिक्त दमकल वाहन भी बुलाए गए। दमकल कर्मियों ने कार्रवाई करते हुए कुछ ही समय में आग पर काबू पा लिया।
आग लगने के बाद बस में सवार सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इससे बड़ा हादसा टल गया। घटना रसायनी पुलिस थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।







