मिशन चौक से बस स्टैंड तक भारी ट्रैफिक, वन-साइड रोड से बिगड़ी यातायात व्यवस्था

कटनी, यशभारत। शहर के आजाद चौक में कार्यक्रम के लिए बनाए गए स्टेज के कारण आज शाम को यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित रही। आजाद चौक में सड़क का एक हिस्सा बंद होने और वन-साइड यातायात व्यवस्था के चलते वाहनों का दबाव बढ़ गया। इसका असर मिशन चौक से लेकर बस स्टैंड तक देखने को मिला।
सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लगने से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव बढ़ने से कई स्थानों पर वाहन रेंगते नजर आए। त्योहारी सीजन में पहले से बढ़े यातायात के बीच सड़क के एक हिस्से में स्टेज बनाए जाने से स्थिति और बिगड़ गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्यक्रम के लिए स्टेज बनाने से पहले यातायात व्यवस्था के लिए पर्याप्त वैकल्पिक इंतजाम किए जाने चाहिए थे, ताकि मुख्य मार्ग पर आवागमन प्रभावित न हो। लोगों ने यातायात पुलिस और संबंधित विभाग से व्यवस्था को सुचारु कराने तथा कार्यक्रम के दौरान वाहनों की आवाजाही के लिए उचित प्रबंध करने की मांग की है।








