सिमरिया टेकरी का एक ही पता देकर बनाए 70 फर्जी पासपोर्ट, STF ने छठे आरोपी को दबोचा

सिमरिया टेकरी का एक ही पता देकर बनाए 70 फर्जी पासपोर्ट, STF ने छठे आरोपी को दबोचा
भोपाल, यशभारत। मध्यप्रदेश एसटीएफ ने फर्जी दस्तावेजों के सहारे अवैध पासपोर्ट बनवाने वाले सिंडिकेट पर बड़ी कार्रवाई की है। 70 फर्जी पासपोर्ट से जुड़े इस संवेदनशील मामले में एसटीएफ भोपाल की टीम ने छठे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी फर्जी पते की तस्दीक करने और सत्यापन में फर्जी गवाह बनने का काम करता था।
भंते के रूप में रहकर फर्जीवाड़े में बना मददगार
एसटीएफ के अनुसार, अपराध में नामजद आरोपी गया प्रसाद गौतम (पिता स्व. कछी राम), निवासी ग्राम बनवार (थाना चिनोर, जिला ग्वालियर) को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने वर्ष 2019 में बौद्ध धर्म की दीक्षा ली थी और वर्ष 2021-22 में डबरा के अम्बेडकर पार्क (सिमरिया टेकरी) में भंते के रूप में रह रहा था।
इसी दौरान उसकी मुलाकात मैत्तानंद भिक्षु उर्फ रेयाल चौधरी भिक्षु से हुई थी। जांच में सामने आया कि प्रकरण में नामजद 17 अन्य आरोपियों से पूर्व में कोई पहचान न होने के बावजूद आरोपी गया प्रसाद ने उनके फर्जी निवास पते की पुष्टि की और पुलिस/पासपोर्ट सत्यापन में गवाह बनकर झूठी जानकारी प्रस्तुत की। इस तरह एक ही पते सिमरिया टेकरी, डबरा, ग्वालियर का उपयोग कर फर्जी पासपोर्ट बनवाए गए।
नागरिकता और पासपोर्ट अधिनियम की संगीन धाराओं में केस दर्ज
मामले में एसटीएफ ने आईपीसी की धारा 420, 465, 467, 468, 471 एवं 120-बी के तहत अपराध दर्ज किया है। इसके साथ ही पासपोर्ट अधिनियम (धारा 12), विदेशी विषयक अधिनियम (धारा 14) और भारतीय नागरिकता अधिनियम (धारा 17) के तहत भी विवेचना की जा रही है। एसटीएफ अब आरोपी से पूछताछ कर गिरोह के बाकी नेटवर्क को खंगाल रही है।







