मध्य प्रदेश के 140 विधानसभा क्षेत्रों में बनेंगे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, 350 बसों को नितिन गडकरी दिखाएंगे हरी झंडी

मध्य प्रदेश के 140 विधानसभा क्षेत्रों में बनेंगे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, 350 बसों को नितिन गडकरी दिखाएंगे हरी झंडी
भोपाल, यशभारत। राज्य सरकार ने मध्य प्रदेश के बुनियादी ढांचे, खेल सुविधाओं और परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई बड़े फैसलों को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रालय में हुई कैबिनेट बैठक में ₹907 करोड़ की लागत से मुख्यमंत्री स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स योजना को स्वीकृति दी गई।
एमएसएमई मंत्री चेतन्य कश्यप ने फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश की 230 में से 140 विधानसभा क्षेत्रों में वर्तमान में खेल सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। इन सभी क्षेत्रों में ₹7-7 करोड़ की लागत से इनडोर और आउटडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाए जाएंगे। इन परिसरों में खेल मैदानों के साथ हेलीपैड का निर्माण भी किया जाएगा, ताकि आपात स्थिति में मरीजों को एयर एम्बुलेंस के माध्यम से तुरंत लिफ्ट किया जा सके।
सार्वजनिक परिवहन और ऊर्जा क्षेत्र में बड़े कदम
प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन को गति देने के लिए मुख्यमंत्री सुगम परिवहन योजना के तहत 25 सितंबर से 350 से अधिक बसों की शुरुआत की जा रही है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। सरकार का लक्ष्य मार्च 2027 तक निजी ऑपरेटरों के सहयोग से इलेक्ट्रिक बसों को प्राथमिकता देते हुए सेवा का विस्तार करना और 2030 तक बसों की संख्या 14 हजार से अधिक पहुंचाना है।
ऊर्जा आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सरकार ने वर्ष 2037 तक की मांग के अनुरूप कुल 2800 मेगावॉट थर्मल पावर खरीदने का निर्णय लिया है। इसके अलावा, औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए सिंगरौली और रतलाम की हवाई पट्टियों को पूर्ण हवाई अड्डे में विकसित करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है। स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में इंदौर दंत चिकित्सा कॉलेज में बीडीएस की सीटें 63 से बढ़ाकर 100 और पीजी की सीटें 35 से बढ़ाकर 44 करने की स्वीकृति दी गई है। प्रदेश में जारी विभिन्न विकास कार्यों के लिए ₹9,061 करोड़ के बजट की निरंतरता को भी हरी झंडी दी गई है।







