इंदौर में राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम: डोम फुल होते ही पुलिस व आयोजकों में तीखी बहस, 120 सुरक्षाकर्मियों के साए में जुटी Gen-Z भीड़

इंदौर में राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम: डोम फुल होते ही पुलिस व आयोजकों में तीखी बहस, 120 सुरक्षाकर्मियों के साए में जुटी Gen-Z भीड़
भोपाल, यशभारत। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इंदौर स्थित रीजनल पार्क के पास आयोजित छात्रों की गूंज कार्यक्रम में शनिवार को उस समय भारी अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब मुख्य डोम अपनी क्षमता से अधिक भर गया। परिसर के अंदर प्रवेश को लेकर पुलिस प्रशासन और कांग्रेस की मैनेजमेंट टीम के बीच तीखी नोकझोंक और विवाद देखने को मिला। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर तैनात सुरक्षा बलों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्था और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यापक इंतजाम किए गए थे, लेकिन युवाओं के भारी हुजूम के आगे ये इंतजाम छोटे पड़ते दिखाई दिए।
7 गेट और अलग-अलग बैठक व्यवस्था
आयोजन स्थल पर आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए कुल 7 प्रवेश द्वार बनाए गए थे। इनमें से रीजनल पार्क की तरफ VIP के लिए 2 और VVIP के लिए 1 विशेष गेट रखा गया था। मुख्य डोम में अनुशासन बनाए रखने के लिए मंच के सामने दाईं ओर छात्रों और बाईं ओर छात्राओं के बैठने की पृथक व्यवस्था की गई। वहीं, राहुल गांधी और आमंत्रित कलाकारों के लिए मुख्य मंच के पीछे से अलग सुरक्षित मार्ग तय किया गया था।
120 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात
डोम के अलावा ओपन ग्राउंड में भी Gen-Z और अन्य युवाओं के जुटने की व्यवस्था की गई थी। पूरे मैदान में 15 पुरुष गार्ड, 15 महिला गार्ड, 50 पुरुष बाउंसर, 30 महिला बाउंसर और 18 ट्रैफिक मार्शल सहित 120 से अधिक सुरक्षा बल को तैनात किया गया था। स्थल पर बुनियादी सुविधाओं के लिए 30 अस्थाई शौचालय भी निर्मित किए गए।
कड़े सुरक्षा नियम: पानी की बोतल और बैग तक बैन
सुरक्षा के सख्त प्रोटोकॉल के तहत परिसर में पानी की बोतल, कोल्ड ड्रिंक, बैग, लैपटॉप, हेलमेट, ड्रोन, सिगरेट, लाइटर, इंजेक्शन और चाकू जैसी वस्तुओं के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया। आयोजकों ने हर गेट पर प्रतिबंधित सामग्री की सूची वाले बोर्ड प्रदर्शित किए थे।
कार्यक्रम में प्रवेश केवल उन्हीं प्रतिभागियों को दिया गया, जिनके पास फोटो ID, मोबाइल पर रजिस्ट्रेशन लिंक और पूरी तरह से चार्ज मोबाइल मौजूद था।







