रफ्तार का कहर! बिजली के पोल से टकराई बिना नंबर की कार, देखें वीडियो….
एयरबैग खुलने से बची चालक की जान; कार छोड़कर फरार

जबलपुर, यशभारत। रांझी थाना क्षेत्र के विश्वकर्मा मोहल्ले में देर रात तेज रफ्तार कार ने ऐसा कहर बरपाया कि बिजली का पोल भी टक्कर से हिल गया। बिना नंबर की कार तेज गति में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद चालक कार को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
एयरबैग खुला, बाल-बाल बचा चालक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार काफी तेज रफ्तार में दौड़ रही थी। अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और कुछ ही सेकंड में कार बिजली के पोल से जा टकराई। टक्कर के दौरान एयरबैग खुल गया, जिससे चालक को सिर में मामूली चोट आई। हालांकि हादसे के बाद वह मौके पर रुकने के बजाय क्षतिग्रस्त कार छोड़कर फरार हो गया।
राहगीर नहीं आया चपेट में, टला बड़ा हादसा
हादसे के वक्त सड़क पर कोई राहगीर मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। अगर कार की चपेट में कोई व्यक्ति आ जाता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
कार ने खोले कई सवाल
सूचना मिलते ही रांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। कार पर नंबर नहीं होने से पुलिस के सामने चालक की पहचान करना चुनौती बना हुआ है। पुलिस वाहन के दस्तावेज और अन्य सुरागों के आधार पर फरार चालक की तलाश कर रही है। हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने पर सवाल खड़े कर दिए हैं।







