सट्टा लिखते दो सटोरिये रंगेहाथ गिरफ्तार, 8200 रुपए और सट्टा पर्चियां जब्त
ग्वारीघाट पुलिस की कार्रवाई

जबलपुर, यश भारत। ग्वारीघाट पुलिस ने सट्टे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो सटोरियों को सट्टा-पट्टी लिखते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छह सट्टा पर्चियां, 8200 रुपए नकद, एक मोबाइल, मोटरसाइकिल और जुपिटर वाहन जब्त किया है। पुलिस के अनुसार 16 सितंबर की देर रात पेट्रोलिंग के दौरान सूचना मिली कि ब्रह्मऋषि गेट के पास साकेत धाम रोड पर एक युवक सट्टा-पट्टी लिख रहा है। पुलिस ने दबिश देकर पेशन मोटरसाइकिल पर सट्टा लिख रहे गौरव अग्रवाल (25), निवासी पुरानी बस्ती ग्वारीघाट को पकड़ा। उसके कब्जे से तीन सट्टा पर्चियां, मोबाइल, 5460 रुपए नकद और मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पूछताछ में गौरव ने पुलिस को बताया कि वह करीब दो माह से उमेश पटेल के कहने पर सट्टा-पट्टी लिख रहा था और इसके बदले उसे प्रतिदिन 500 रुपए मजदूरी मिलती थी। पुलिस ने गौरव और उमेश पटेल के खिलाफ सट्टा एक्ट सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है।
इसी तरह पुलिस ने सब्जी मंडी ग्वारीघाट में दबिश देकर बिना नंबर की जुपिटर पर सट्टा-पट्टी लिख रहे उमेश पटेल (38), निवासी पुरानी बस्ती ग्वारीघाट को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से तीन सट्टा पर्चियां, 2740 रुपए नकद और जुपिटर वाहन जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सट्टा एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।







