कटनी

अशोक कॉलोनी में दवा व्यवसायी के सूने मकान में चोरी, बेटे का एडमीशन कराने पुणे गया था परिवार, चोरों ने ताला तोडक़र अंजाम दी वारदात, वारदात से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

कटनी, यशभारत। खिरहनी पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर स्थित अशोक कॉलोनी में बीती रात चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात बदमाशों ने दवा व्यवसायी पंकज शर्मा के सूने मकान का ताला तोडक़र लाखों रुपये की नगदी, सोने चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। पॉश कॉलोनी में हुई चोरी की वारदात से स्थानीय निवासियों में भारी दहशत व्याप्त है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दवा व्यवसायी पंकज शर्मा अपने पुत्र का कॉलेज में एडमिशन कराने पत्नी और बेटे के साथ पुणे गए थे। मकान पर ताला बंद होने की भनक बदमाशों को पहले से थी। जिसका फायदा उठाकर चोरों ने देर रात सूने मकान को निशाना बनाया। बदमाशों ने बड़े इत्मीनान से मुख्य द्वार का ताला तोड़ा और घर में दाखिल होकर अलमारियों व तिजोरियों के ताले चटका दिए। घटना का खुलासा तब हुआ, जब पंकज शर्मा ने पुणे से सुबह अपने घर में काम करने वाली युवती को फोन कर पेड़ पौधों में पानी डालने के लिए कहा। युवती जैसे ही मकान के मुख्य द्वार पर पहुंची तो ताला टूटा देखकर उसके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखने पर पूरा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियां खुली थीं। युवती ने बिना देरी किए तुरंत फोन पर पूरी जानकारी पंकज शर्मा को दी, जिसके बाद स्थानीय स्तर पर पुलिस को सूचित किया गया। पीडि़त परिवार के शहर लौटते ही मामले में औपचारिक प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने की बात कह रही है।
बडग़ांव जैन मंदिर में चोरों का धावा
रीठी थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बडग़ांव स्थित तारणतरण जैन चैत्यालय मंदिर को अज्ञात चोरों ने अपना निशाना बनाया। चोरों ने मंदिर का ताला तोडक़र बेशकीमती अष्टधातु के छत्र, पीतल की सामग्रियां और साउंड सिस्टम पार कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हडक़ंप मच गया। घटना 14 सितंबर की रात 10 बजे से 15 सितंबर की सुबह 5 बजे के बीच की बताई जा रही है। अज्ञात चोरों ने सूनेपन का फायदा उठाकर बडग़ांव स्थित जैन मंदिर का ताला तोड़ा और अंदर दाखिल होकर दानपूजा से जुड़े कीमती सामान चुरा लिए। मंदिर के सेवादार अभय कुमार जैन निवासी ग्राम बडग़ांव की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दो अष्टधातु के छत्र, पीतल की आरती एवं साउंड सिस्टम ले गए चोर
शिकायत में बताया गया है कि अज्ञात चोर दो अष्टधातु के छत्र, 5 नग पीतल की आरती, एक साउंड सिस्टम व मिक्सर मशीन, एक स्टेबलाइजर मशीन ले गए। चोरी गए सामान की कीमत 90 हजार आंकी गई है। अभय कुमार जैन की रिपोर्ट पर रीठी पुलिस ने धारा 331 (4) एवं 305(डी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। सलैया चौकी प्रभारी विनोद पाण्डेय ने बताया कि पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों और पुराने संदिग्धों से पूछताछ कर चोरों का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button