कटनी

बेतरतीब पार्किंग से सडक़ पर खड़े हो रहे वाहन, हर घंटे लग रहा जाम, सुगम यातायात के लिए बनाई कार्ययोजना

कटनी, यशभारत। शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुगम, सुलभ एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस एवं नगर निगम द्वारा विशेष कार्ययोजना तैयार की जा रही है। जिसको लेकर यातायात प्रभारी अनूप सिंह द्वारा यातायात पुलिस, नगर निगम अधिकारियों एवं तकनीकी विशेषज्ञों के साथ शहर के विभिन्न संवेदनशील एवं अत्यधिक व्यस्त मार्गों का संयुक्त सघन भ्रमण एवं तकनीकी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दुर्गा चौक, तिलक कॉलेज मोड़, तिलक कॉलेज क्षेत्र, पन्ना तिराहा एवं सागर पुलिया सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों की यातायात स्थिति का गहन अध्ययन किया गया। साथ ही बरसात के दौरान जलभराव की समस्या एवं उसके समाधान को लेकर भी स्थल निरीक्षण कर आवश्यक सुझाव लिए गए। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि मुख्य बाजार क्षेत्रों में व्यवस्थित पार्किंग स्थलों की कमी के कारण वाहन चालक सडक़ों के किनारे अनियंत्रित रूप से वाहन खड़े कर रहे हैं, जिससे यातायात बाधित होकर जाम की स्थिति निर्मित होती है। कटनी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें तथा सडक़ पर अनावश्यक अतिक्रमण एवं अव्यवस्थित वाहन पार्किंग से बचें। प्रशासन द्वारा प्रस्तावित सुधारात्मक कार्यवाहियों में आमजन का सहयोग शहर को जाममुक्त, सुरक्षित एवं आधुनिक यातायात व्यवस्था प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इनकी रही उपस्थिति
संयुक्त निरीक्षण दल में प्रोफेसर राहुल तिवारी यातायात विशेषज्ञ, मैनिट भोपाल, प्रोफेसर डॉ. अनुज जायसवाल यातायात विशेषज्ञ, मैनिट भोपाल, योगेश पवार चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर, अनूप सिंह यातायात प्रभारी एवं आरक्षक राजकुमार, आरक्षक सुरेन्द्र सिंह की उपस्थिति रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button