भोपाल में मिसाइल बयान पर गरमाई सियासत: ओवैसी की चुनौती पर बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा का तीखा पलटवार, देखे वीडियो

भोपाल में मिसाइल बयान पर गरमाई सियासत: ओवैसी की चुनौती पर बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा का तीखा पलटवार, देखे वीडियो
भोपाल, यशभारत। राजधानी के काजी कैंप को लेकर दिए गए बयान पर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और हुजूर सीट से बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। भोपाल में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने विधायक को सीधी चुनौती दी, जिसके जवाब में रामेश्वर शर्मा ने भी कड़ा रुख अपनाया।
ओवैसी का सवाल: कब लॉन्च करोगे मिसाइल?
ओवैसी ने रामेश्वर शर्मा के पुराने बयान पर तंज कसते हुए कहा कि अगर उनमें हिम्मत है तो बताएं कि मिसाइल कब लॉन्च करेंगे। उन्होंने कहा कि वह काजी कैंप में अकेले ठहरने और शहीद होने के लिए तैयार हैं, लेकिन किसी के सामने सिर नहीं झुकाएंगे। ओवैसी ने पिछली सैन्य कार्रवाइयों का जिक्र करते हुए कहा कि जब सेना को मौके मिले तो कड़े कदम उठाए जाने चाहिए थे।
रामेश्वर शर्मा का जवाब: भारत विरोधियों पर चलती रहेगी कार्रवाई
ओवैसी के बयान पर पलटावार करते हुए बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के जरिए आतंकियों के ठिकानों पर मिसाइल गिराकर करारा जवाब दिया था। शर्मा ने कहा कि पाकिस्तान में बने आतंकी कैंपों ने भारत की बेटियों का सिंदूर छीना था, जिसका मुंहतोड़ जवाब दिया गया। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जहां-जहां भी आतंकवाद और भारत विरोधी गतिविधियां चलेंगी, वहां सेना की कार्रवाई इसी तरह जारी रहेगी।






