ट्रैक्टर लेकर मंडी पहुंचे किसान, कलेक्ट्रेट के लिए किया कूच, एमएसपी पर धान खरीदी को लेकर आंदोलन, देखे वीडियो ……
भावांतर योजना का विरोध, ₹3100 में धान और ₹2700 में गेहूं खरीदी की मांग

यश भारत, जबलपुर। धान खरीदी के मुद्दे सहित किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर मंगलवार को जबलपुर में किसानों का आंदोलन शुरू हो गया। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से किसान ट्रैक्टर लेकर कृषि उपज मंडी पहुंच रहे हैं। मंडी परिसर में किसानों की संख्या लगातार बढ़ रही है और किसान अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद कर रहे हैं।
किसानों का कहना है कि उन्हें भावांतर योजना नहीं, बल्कि न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सीधे धान की खरीदी चाहिए। किसान ₹3100 प्रति क्विंटल धान और ₹2700 प्रति क्विंटल गेहूं खरीदी की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। किसान नेता रामदास पटेल के नेतृत्व में चल रहे आंदोलन के दौरान मंडी परिसर में नारेबाजी भी की जा रही है।
समाचार लिखे जाने तक किसान कृषि उपज मंडी में एकत्रित हो रहे थे और ट्रैक्टरों के साथ जिला मुख्यालय की ओर कूच कर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने की तैयारी में थे। आंदोलन को देखते हुए प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
किसानों की प्रमुख समस्याओं में लंबित फसल भुगतान, बिजली संकट, खाद की उपलब्धता, नकली बीज कंपनियों पर कार्रवाई, मंडियों में कथित फर्जीवाड़ा, शहपुरा में व्यापारियों द्वारा भुगतान नहीं किए जाने और पराली के मामलों में कार्रवाई शामिल है। किसान इन समस्याओं के तत्काल निराकरण की मांग कर रहे हैं।






