सागर की घटना के बाद प्रशासन अलर्ट, कच्ची शराब के ठिकानों पर पुलिस की दबिश, पारधी डेरों और बहेलिया बस्ती में बरही और विजयराघवगढ़ पुलिस की कार्रवाई

कटनी, यशभारत। सागर जिले के बंडा में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के बाद कटनी जिले में भी पुलिस एवं प्रशासन अलर्ट हो गया है। पुलिस ने सोमवार को अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर भारी मात्रा में कच्ची शराब जब्त की और महुआ लाहन को नष्ट कराया। जिले में अवैध शराब के निर्माण एवं विक्रय के खिलाफ पुलिस की इस कार्रवाई से हडक़ंप मच गया है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन बरही एवं विजयराघवगढ़ पुलिस ने कई ग्रामों में इस कार्रवाई को अंजाम दिया। बरही थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस ने चार अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर बड़ी मात्रा में अवैध महुआ लाहन एवं कच्ची महुआ शराब बरामद कर नष्टीकरण व जब्ती की कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान ग्राम पिपरिया कला पारधी टोला रेलवे स्टेशन के पीछे करीब 36 कंटेनरों में भरा लगभग 540 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गयाए जिसकी अनुमानित कीमत करीब 54 हजार रुपये बताई गई। पुलिस ने मौके पर ही महुआ लाहन को नष्ट कराया। बरही पुलिस ने चार अलग अलग स्थान पर दबिश देकर क्रमश: सुशील आदिवासी पिता पूरन आदिवासी सलैया सिहोरा से 5 लीटर हाथ भट्टा कच्ची महुआ शराब, कोमल प्रसाद कोल पिता कंछेदी कोल निवासी ग्राम खिरहनी से 5 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब, रामदयाल पिता फुकुआ साहू निवासी करौंदीखुर्द से 2 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब, प्रेमलाल पिता भोंदू प्रजापति निवासी कनौर से 2 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब कीमती जब्त कर 34 एक आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
5 लीटर हाथ भट्टी शराब जब्त, 1 लाख का महुआ लाहन नष्ट
अवैध कच्ची शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ विजयराघवगढ़ पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने ग्राम बरहटा, गोइन्द्रा और नड़ेरा में दबिश देकर महुआ लाहन बरामद कर मौके पर ही नष्ट किया। पुलिस के अनुसार नष्ट किए गए महुआ लाहन की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपये है। विजयराघवगढ़ थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने बताया कि 7 सितंबर को पुलिस ने ग्राम बरहटा स्थित पारधी डेरों सहित ग्राम गोइन्द्रा और नड़ेरा में संदिग्ध ठिकानों पर रेड कार्रवाई की। इस दौरान अवैध रूप से शराब बनाने के लिए तैयार किया गया महुआ लाहन मिलाए जिसे पुलिस ने नष्ट कर दिया। कार्रवाई के दौरान ग्राम रोहनिया निवासी लक्ष्मण केवट के कब्जे से ग्राम रोहनिया नई बस्ती के पास हाथ भट्टी से निर्मित करीब 5 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34 (ए) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू की है।







