गांजा तस्करी का भंडाफोड़: दो गाड़ियों में मिला 62 किलो गांजा, 22 लाख का माल जब्त

रीवा । चोरहटा पुलिस ने गांजा की एक बड़ी खेप पकड़ी है। शहडोल जिले से गांजा की बड़ी खेप आने की सूचना पर पुलिस ने दो फोर व्हीलर वाहनों की तलाशी के दौरान तीन बोरियों में गांजा मिला। जिसका वजन 62 किलो 388 ग्राम निकला है।
एडिशनल एसपी भावना मरावी ने इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि ऑपरेशन प्रहार 2.0 के अंतर्गत बड़ी सफलता मिली है। सीएसपी डॉ. रितु उपाध्याय के नेतृत्व में चोरहटा थाना एवं साइबर सेल की संयुक्त पुलिस टीम ने बीटीएल तिराहा पर चेकिंग लगाई। चेकिंग के दौरान मुखबिर द्वारा बताए गए दोनों वाहनों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान गांजा मिलने पर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 7 मोबाइल भी जब्त किए गए हैं। इस कार्रवाई के दौरान दोनों वाहनों सहित जब्त गांजा और मोबाइल की कीमत 22 लाख रुपए से ज्यादा है।
इस खेप के साथ 6 आरोपी पकड़े गए हैं, जो शहडोल जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने इन सभी आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया है। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत लाख 35 हजार 820 रुपए है।
टीआई पवन शुक्ला ने बताया कि पकड़े गए आरोपी शहडोल जिले के एक ही गांव के रहने वाले हैं। आरोपियों में शिवेंद्र उर्फ यशू महरा पिता नत्थू 26 वर्ष, विनीत उर्फ ओंकार चौधरी पिता नंदलाल 36 वर्ष, सोहन उर्फ गुड्डू बैगा पिता जीतलाल 35 वर्ष, नीरज महरा पिता बिहारी 26 वर्ष, सनत उर्फ गुड्डू सिंह कर्चुली पिता सुरेंद्र 42 वर्ष एवं कमलेश उर्फ भोला महरा पिता नंदलाल 30 वर्ष सभी निवासी हथगला थाना बुढ़ार शहडोल शामिल हैं
रीवा के लिए आई थी खेप पुलिस के मुताबिक, गांजा की यह बड़ी खेप शहडोल से रीवा के लिए आई थी। आरोपियों से पूछताछ के दौरान कुछ नाम सामने आए हैं। इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों तक भी पुलिस पहुंचेगी।







