वोटर लिस्ट के गहन परीक्षण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, ड्यूटी से नदारद सहायक ग्रेड-3 बर्खास्त

वोटर लिस्ट के गहन परीक्षण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, ड्यूटी से नदारद सहायक ग्रेड-3 बर्खास्त
भोपाल,यशभारत। राजधानी में मंगलवार से शुरू हुए वोटर लिस्ट के गहन परीक्षण यानी स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन अभियान में पहले ही दिन कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने सख्त रुख अपनाया है। ड्यूटी पर न पहुंचने पर एक सरकारी कर्मचारी को बर्खास्त करने की बड़ी कार्रवाई की गई है, जिसके बाद मैदानी अमले में हड़कंप मच गया है।
कलेक्टर सिंह ने बताया कि बरकतउल्ला विश्वविद्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 प्रशांत दुबे की ड्यूटी गोविंदपुरा विधानसभा के बूथ नंबर-150 पर लगाई गई थी। मंगलवार को वे ड्यूटी पर नहीं पहुंचे। इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में लापरवाही बरतने के कारण उन्हें नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है। कलेक्टर ने चेतावनी दी है कि ऐसे सभी कर्मचारियों की सूची तैयार की जा रही है, जो कार्य में शिथिलता बरतेंगे, उन पर भी बर्खास्तगी की कार्रवाई की जाएगी।
2003 के बाद पहली बार डोर-टू-डोर सर्वे
यह अभियान इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि साल 2003 के बाद पहली बार वोटर लिस्ट का डोर-टू-डोर सर्वे किया जा रहा है। इस कार्य के लिए कुल 2029 बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) और 250 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। बीएलओ घर-घर जाकर वोटर्स को ‘गणना पत्रक’ देंगे, जिसे भरकर मतदाता वापस लौटाएंगे। प्रत्येक बीएलओ को एक महीने तक चलने वाले इस काम में तीन बार तक घर जाना होगा। वही कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि एसआईआर के तहत मतदाता से कोई दस्तावेज नहीं लिया जाएगा। सत्यापन केवल गणना पत्रक से ही किया जाएगा। भोपाल जिले में वर्तमान में 21 लाख वोटर्स हैं, जिनकी जानकारी का गहन सत्यापन किया जा रहा है। कलेक्टर सिंह स्वयं हुजूर विधानसभा के कई बूथों पर पहुंचे और वोटर्स को फॉर्म देकर भरवाया।







