भारी वाहन की टक्कर ने छीन ली DSP की जिंदगी

भारी वाहन की टक्कर ने छीन ली DSP की जिंदगी
– 11 सितंबर को हुआ था हादसा, दो दिन तक जिंदगी से जूझने के बाद रविवार को निधन
भोपाल, यश भारत । सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल DSP शिवकुमार श्रीवास्तव ने रविवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। 11 सितंबर को हुए हादसे में एक भारी वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी थी। गंभीर हालत में उन्हें तत्काल नर्मदा ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा था।
हादसे के बाद से ही उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने के लिए उपचार जारी रखा, लेकिन रविवार को उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी।
सुरक्षा वाहिनी में संभाल रहे थे अहम जिम्मेदारी
DSP शिवकुमार श्रीवास्तव सुरक्षा वाहिनी, श्यामला हिल्स में PSO कोर्स के पर्यवेक्षक अधिकारी के रूप में पदस्थ थे। उनके निधन की खबर से पुलिस विभाग में शोक का माहौल है। सहकर्मियों और अधिकारियों ने उनके निधन पर दुख जताया।
वाहन चालक की भूमिका की जांच
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और भारी वाहन चालक की क्या भूमिका रही। पुलिस घटनास्थल से जुड़े तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।







