मनुआभान टेकरी में चाकू की नोक पर लूट, 48 घंटे में पांच आरोपी गिरफ्तार

मनुआभान टेकरी में चाकू की नोक पर लूट, 48 घंटे में पांच आरोपी गिरफ्तार
भोपाल, यश भारत। मनुआभान टेकरी पर घूमने गए युवक और उसकी महिला दोस्त को चाकू की नोक पर डराकर लूटने वाले पांच आरोपियों को पुलिस ने वारदात के 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने विरोध करने पर युवक के सीने पर चाकू से वार कर उसका आईफोन, सोने की चेन-पेंडल, कान के टॉप्स और नकदी लूट ली थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 6 लाख रुपए का मशरूका बरामद किया है। पुलिस के अनुसार 10 सितंबर की रात करीब 8.30 बजे अशोका गार्डन निवासी 28 वर्षीय हर्ष शर्मा अपनी महिला दोस्त के साथ मनुआभान टेकरी स्थित टावर ऑफ गार्डन रेस्टोरेंट के पीछे टंकी के पास बैठे थे। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे। एक आरोपी ने हर्ष का आईफोन 15 प्रो छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया और धमकाते हुए मोबाइल के साथ सोने की चेन, कृष्ण भगवान के चित्र वाला पेंडल, कान के टॉप्स और नकदी लेकर फरार हो गए।
फरियादी की रिपोर्ट पर कोहेफिजा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त जोन-3 आशुतोष गुप्ता के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त शालिनी दीक्षित और एसीपी शाहजहानाबाद अनिल वाजपेयी के नेतृत्व में छह टीमें गठित की गईं।
सीसीटीवी फुटेज से खुला सुराग
पुलिस टीमों ने मनुआभान टेकरी और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। आने-जाने वाले रास्तों की रिकॉर्डिंग के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने करोंद, शिवशक्ति नगर और नवजीवन नगर सहित विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में संदीप विश्वकर्मा उर्फ खेड़ा (20), संदीप उर्फ संसू सोनी (22), कबीर पाल (20), दुर्गा कुशवाह (26) और कुलदीप यादव (26) शामिल हैं।
आईफोन, सोना और वारदात में इस्तेमाल छुरी जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1.25 लाख रुपए कीमत का आईफोन 15 प्रो, करीब 15 ग्राम सोने की चेन, 5 ग्राम का सोने का पेंडल, सोने के कान के टॉप्स, वारदात में इस्तेमाल धारदार छुरी और एक्टिवा वाहन बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 6 लाख रुपए है। पुलिस जांच में कुछ आरोपियों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उनके खिलाफ भोपाल के विभिन्न थानों में मारपीट, धमकी, आबकारी और अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर वारदात में शामिल अन्य लोगों और आपराधिक गतिविधियों से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।







