बिजली विभाग में लोकायुक्त का छापा: 15 हजार रिश्वत लेते AE और JE रंगे हाथ गिरफ्तार

बिजली विभाग में लोकायुक्त का छापा: 15 हजार रिश्वत लेते AE और JE रंगे हाथ गिरफ्तार
नया मीटर लगाने के एवज में मांगी थी घूस, छोला डिवीजन में कार्रवाई से हड़कंप
भोपाल,यश भारत। राजधानी के बिजली विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो अधिकारियों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। छोला डिवीजन में पदस्थ सहायक अभियंता राजेंद्र बरबरे और कनिष्ठ अभियंता अर्पित उपाध्याय को फरियादी से 15 हजार रुपये की घूस लेते पकड़ा गया। यह कार्रवाई मकान में बिजली मीटर लगाने के नाम पर की जा रही अवैध वसूली की शिकायत पर हुई है।
मिली जानकारी के मुताबिक, फरियादी तारीख सिद्दीकी ने अपने नवनिर्मित मकान में नया बिजली मीटर लगवाने के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि मीटर लगाने की प्रक्रिया पूरी करने के बदले एई राजेंद्र बरबरे और जेई अर्पित उपाध्याय लगातार 15 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रहे थे। परेशान होकर आवेदक ने इसकी शिकायत लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दर्ज कराई।
शिकायत का सत्यापन कराने पर आरोप सही पाए गए, जिसके बाद लोकायुक्त की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप की रणनीति तैयार की। फरियादी को केमिकल लगे नोट देकर अधिकारियों के पास भेजा गया। जैसे ही आवेदक ने तय रकम अधिकारियों को सौंपी, आसपास मौजूद लोकायुक्त की टीम ने दबिश देकर दोनों को मौके पर ही धर दबोचा।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के हाथ धुलवाने पर पानी का रंग केमिकल के प्रभाव से गुलाबी हो गया, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई। अचानक हुई इस छापामारी से बिजली कार्यालय में हड़कंप मच गया और कई कर्मचारी मौके से खिसकते नजर आए। लोकायुक्त पुलिस ने दोनों अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।







