सतना, यश भारत।जिले के नागौद थाना क्षेत्र के बारापत्थर गांव में सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां पैरोल से फरार चल रहे एक सजायाफ्ता बदमाश ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक अधेड़ व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने मृतक के बेटे पर भी फायरिंग की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के मुताबिक बारापत्थर गांव निवासी हिस्ट्रीशीटर चंदन यादव पर हत्या समेत कई गंभीर अपराध दर्ज हैं। वह दिसंबर 2025 में एक महीने की पैरोल पर जेल से बाहर आया था, लेकिन अवधि समाप्त होने के बाद भी वापस जेल नहीं लौटा और तभी से फरार चल रहा था।
छोटे भाई के विवाद से भड़की रंजिश
बताया गया कि चंदन यादव का छोटा भाई शरद यादव गांव में लोगों से गाली-गलौज कर रहा था। इसी दौरान मोहल्ले में रहने वाले अभय उर्फ बब्लू यादव (50) ने उसे समझाते हुए दो थप्पड़ मार दिए। इस बात से नाराज शरद ने फरार चल रहे अपने भाई चंदन को फोन कर घटना की जानकारी दी और बदला लेने के लिए उकसाया।
छत पर टहल रहे अधेड़ पर ताबड़तोड़ फायरिंग
चंदन यादव अपने लगभग आधा दर्जन साथियों के साथ वाहन से गांव पहुंचा। उस समय अभय उर्फ बब्लू यादव अपने घर की छत पर टहल रहे थे। इसी दौरान चंदन ने पिस्टल से उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
गोलीबारी में अभय यादव को पांच गोलियां लगीं—दो पीठ में, एक पेट में, एक गर्दन में और एक पसली में। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बेटे पर भी बरसाईं गोलियां
वारदात के बाद आरोपी गांव से करीब एक किलोमीटर दूर मृतक के बेटे राणा यादव (25) की किराना दुकान पर पहुंच गए। यहां भी आरोपियों ने कई राउंड फायर किए। जान बचाने के लिए राणा दुकान छोड़कर भागा, लेकिन उसके दाहिने पैर में दो गोलियां लग गईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल को जिला अस्पताल किया गया रेफर
घटना की सूचना मिलते ही नागौद थाना प्रभारी अशोक पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस ने मृतक अभय यादव और घायल राणा को सिविल अस्पताल नागौद पहुंचाया। जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखवाया गया, जबकि राणा को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया गया। बाद में परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए।
घटना के बाद नागौद समेत आसपास के थानों की पुलिस हिस्ट्रीशीटर चंदन यादव और उसके साथियों की तलाश में जुट गई है। गांव में एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार मृतक अभय उर्फ बब्लू यादव के खिलाफ भी हत्या के दो मामलों सहित कई आपराधिक प्रकरण दर्ज थे और वह पूर्व में जेल जा चुका था।
Back to top button