सीट बेल्ट विवाद से शुरू हुई पुलिस-वकील की तनातनी: 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड, फिर भी सड़कों पर वकीलों का चक्काजाम, वायरल वीडियो ने घुमाया मामला

सीट बेल्ट विवाद से शुरू हुई पुलिस-वकील की तनातनी: 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड, फिर भी सड़कों पर वकीलों का चक्काजाम, वायरल वीडियो ने घुमाया मामला
भोपाल,यशभारत। राजधानी के जहांगीराबाद इलाके में वाहन चेकिंग के दौरान शुरू हुआ एक मामूली विवाद अब पुलिस प्रशासन और वकीलों के बीच बड़े टकराव में बदल गया है। सीट बेल्ट न लगाने पर रोकी गई एक वकील की कार से शुरू हुआ यह मामला थाने के घेराव, पुलिस अधिकारियों पर निलंबन की कार्रवाई और शहर के प्रमुख वीआईपी इलाके में चक्काजाम तक पहुंच चुका है।
कार्रवाई से असंतुष्ट अधिवक्ता, FIR की मांग पर अड़े
वकील राकेश रावल के साथ हुई कथित मारपीट के विरोध में वकीलों ने काम बंद कर भोपाल की जेल पहाड़ी समेत आसपास के इलाकों में सड़क जाम कर दी। बढ़ते विरोध को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने जहांगीराबाद थाना प्रभारी निरीक्षक राजन सिंह अहिरवार आरक्षक यश लखेरा और रामस्वरूप को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। हालांकि, प्रदर्शनकारी अधिवक्ताओं का कहना है कि महज निलंबन से बात नहीं बनेगी; संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ धारा के तहत एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए।
मामले में आया नया मोड़: वायरल वीडियो में ACP से अभद्रता
घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक और वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने इस पूरे मामले को एक नया कोण दे दिया है। बताया जा रहा है कि जब ट्रैफिक पुलिस के ACP अजय बाजपेई ने स्थिति को संभालने और बातचीत करने की कोशिश की, तो आरोपी पक्ष के वकील राकेश रावल उन पर भड़क गए और अभद्र भाषा व गालियों का इस्तेमाल किया।
कानून-व्यवस्था पर असर
एक तरफ जहां वकील पुलिस बल पर बर्बरता और मनमानी का आरोप लगाकर कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ पुलिस अधिकारियों के साथ हुए अभद्र व्यवहार के वीडियो सामने आने के बाद आम जनता के बीच इस विवाद की असली वजह को लेकर बहस छिड़ गई है। फिलहाल वीआईपी इलाके में लगे ट्रैफिक जाम को हटाने और स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।







