एप्रोच का काम बाकी, एक पखवाड़े बाद मिलेगी नए पुल की सौगात, आदर्श कॉलोनी-मुक्तिधाम जलमग्नीय पुल का निर्माण कम्प्लीट, लोगों को मिलेगी सुगम आवागमन की सुविधा, नहीं लगाना पड़ेगा चक्कर

कटनी, यशभारत। कटनी नदी के मोहनघाट में आदर्श कॉलोनी से मुक्तिधाम को जोडऩे के लिए बने रहे जलमग्नीय पुल का निर्माण कम्पलीट हो गया है और अब आदर्श कॉलोनी की ओर केवल एप्रोच का काम बाकी है, इसके बाद उम्मीद की जा रही है कि अगले 15 दिनों में इसे आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा। ब्रिज कार्पोरेशन से मिली जानकारी के अनुसार आदर्श कॉलोनी का ओर एप्रोच और मिट्टी के कंपेक्शन का काम तेज गति से कराया जा रहा है। इसी तरह मुक्तिधाम की ओर केवल 25 मीटर की सडक़ बननी है। इसके बाद उम्मीद है कि अगस्त के अंतिम सप्ताह तक शहर की एक बड़ी आबादी को इस पुल से आवगामन की सौगात मिल जाएगा। क्षेत्रीय विधायक संदीप जायसवाल की पहल पर इस पुल की स्वीकृति मप्र शासन के लोक निर्माण विभाग द्वारा दी गई थी। आदर्श कॉलोनी से मुक्तिधाम मार्ग में कटनी नदी पर जलमगनीय पुल के निर्माण के लिए 19 जून 2023 को प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा वर्चुअली भूमिपूजन किया गया था। लोक निर्माण सेतु विभाग द्वारा द्वारा पुल निर्माण के लिए 852.45 लाख रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई थी। 60 मीटर लंबे इस जलमगनीय पुल के निर्माण का ठेका मेसर्स प्रंजल कंस्ट्रक्शन भोपाल को मिला था। निर्माण एजेंसी द्वारा जून के अंत तक इसे समाप्त करने की तैयारी की जा रही थी लेकिन तकनीकी अड़चनों और अन्य कार्य समय पर पूरे नहीं होने के चलते पुल का निर्माण समय पर पूरा नहीं हो पाया, जबकि पुल निर्माण की अवधि पहले ही समाप्त हो चुकी है। जानकारी के मुताबिक अनुबंध के अनुसार इसे दिसम्बर 2024 तक पूरा हो जाना था लेकिन ऐसा नहीं हो पाया।
चांडक चौक में कम होगा यातायात का दबाव
कटनी नदी के मोहन घाट में जलमगनीय पुल के निर्माण से चांडक चौक पर यातायात का दबाव कम होगा। आदर्श कॉलोनी, नई बस्ती, घंटाघर से नदीपार, बस स्टैंड और कुठला जाने के लिए इस पुल का उपयोग किया जा सकेगा, जिससे चांडक चौक का चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और यहां यातायात का दबाव कम होगा। जिससे लोगों को काफी सुविधा मिलेगी।







