भोपाल के डैमों में बढ़ा पानी, 24 घंटे में करीब 7 इंच बारिश

भोपाल के डैमों में बढ़ा पानी, 24 घंटे में करीब 7 इंच बारिश
– कलियासोत में 1, केरवा में 3 और कोलार डैम में 1 फीट बढ़ा जलस्तर; पुराने शहर समेत 50 से ज्यादा इलाके जलमग्न
भोपाल, यश भारत। राजधानी में शनिवार रात से शुरू हुई बारिश सोमवार दोपहर तक रुक-रुककर जारी रही। पिछले 24 घंटे में भोपाल में करीब 7 इंच बारिश दर्ज की गई। इस सीजन में पहली बार इतनी तेज बारिश हुई है। लगातार बारिश से जहां शहर के जलस्रोतों में पानी की अच्छी आवक हुई है, वहीं कई इलाकों में जलभराव से लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
बारिश के चलते कलियासोत डैम का जलस्तर करीब 1 फीट, केरवा डैम का 3 फीट और कोलार डैम का 1 फीट बढ़ा है। लंबे समय बाद हुई तेज बारिश से जलस्रोतों में पानी की आवक बढ़ने से शहर में जलसंकट को लेकर राहत की उम्मीद जगी है।
अगस्त 2025 से भी ज्यादा बारिश
इस बार अगस्त में बारिश ने पिछले साल का आंकड़ा भी पीछे छोड़ दिया है। वर्ष 2025 में पूरे अगस्त महीने में करीब 5 इंच बारिश दर्ज हुई थी, जबकि इस बार अगस्त की शुरुआत में ही इससे करीब 2 इंच अधिक बारिश हो चुकी है। मौसम में बदलाव के साथ हुई इस बारिश ने शहरवासियों को गर्मी और उमस से राहत दी, लेकिन कई इलाकों में यही बारिश आफत बन गई।
50 से ज्यादा इलाकों में जलभराव
तेज बारिश के कारण पुराने शहर के 50 से अधिक इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। कोलार रोड, नारियलखेड़ा, शिव नगर, करोंद, बैरसिया रोड, गांधी नगर, होशंगाबाद रोड, अयोध्या बायपास, रायसेन रोड और बैरागढ़ सहित कई क्षेत्रों में सड़कें पानी से भर गईं। कुछ स्थानों पर लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
बैरसिया रोड पर आवागमन प्रभावित
लगातार बारिश के कारण बैरसिया रोड पर भी पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ। कई स्थानों पर सड़क किनारे और निचले इलाकों में पानी जमा होने से वाहन चालकों को परेशानी हुई।







