जबलपुरदेशमध्य प्रदेशराज्य

 निर्माणाधीन पुल पर बड़ा हादसा, नाले में बही ईको वैन; 11 में से 9 की मौत

मध्य प्रदेश से यूपी तक भारी बारिश का कहर, कई इलाके जलमग्न

मध्य प्रदेश के राजगढ़ में भारी बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन पुल से गुजर रही एक ईको वैन नाले में बह गई। वैन में कुल 11 लोग सवार थे। हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग तैरकर बाहर निकलने में कामयाब रहे। तेज बारिश के कारण नाले का पानी पुल के ऊपर से बह रहा था। बताया जा रहा है कि ड्राइवर को अधूरा पुल दिखाई नहीं दिया और इसी वजह से वैन नाले में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर राहत और बचाव कार्य चलाया गया।

राजस्थान में डैम ओवरफ्लो, स्कूल में भरा पानी

राजस्थान में भी लगातार बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। जयपुर के कानोता और झालावाड़ का कालीखाड़ डैम ओवरफ्लो हो गया है। झीकनी गांव के स्कूल में पानी भरने के बाद वहां 30 विद्यार्थी फंस गए। गांव के लोगों की मदद से सभी विद्यार्थियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

श्रीडूंगरगढ़ और बाड़मेर में जलभराव से जनजीवन प्रभावित

बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ में रविवार रात भारी बारिश के बाद सड़कों पर 2 से 3 फीट तक पानी भर गया। वहीं बाड़मेर में भी बारिश के कारण सड़कें लबालब हो गईं।

रेलवे स्टेशन, सब्जी मंडी और हॉस्पिटल रोड समेत कई प्रमुख इलाकों में 2 से 4 फीट तक पानी भर गया। कई जगह दुकानों और घरों में भी बारिश का पानी घुस गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

यूपी में गंगा-यमुना समेत 10 नदियां खतरे के निशान से ऊपर

उत्तर प्रदेश में भी बाढ़ का संकट गहराता जा रहा है। गंगा-यमुना समेत 10 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। फर्रुखाबाद और बिजनौर में गंगा का पानी हाईवे के ऊपर से बह रहा है। कई सड़कें डूब चुकी हैं और करीब 40 गांव बाढ़ की चपेट में हैं।

बाढ़ प्रभावित इलाकों में बड़ी संख्या में लोग सुरक्षित स्थानों की तलाश में सड़कों पर टेंट लगाकर रहने को मजबूर हैं।

काशी में 84 घाटों को जोड़ने वाले रास्ते जलमग्न

वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से हालात गंभीर हो गए हैं। काशी के सभी 84 घाटों को जोड़ने वाले रास्ते पानी में डूब गए हैं। गंगा का पानी मणिकर्णिका घाट तक पहुंच गया है। लगातार बढ़ते जलस्तर से घाटों और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button