कहा- सुनी बनी “काल” : युवक को पीट-पीट कर उतारा मौत के घाट.. दो आरोपी गिरफ्तार

रीवा | गढ़ थाना क्षेत्र की लालगांव चौकी अंतर्गत क्योटी नेहरू प्लांट इलाके में गाली-गलौज के विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी अनुसार विवाद में 30 वर्षीय संजय कोल के साथ लात-घूंसों से मारपीट की गई थी। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई थी।
पुलिस के मुताबिक, संजय कोल अपने भतीजे के साथ सड़क किनारे बैठे थे।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे मोनू मिश्रा और गोलू तिवारी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। गाली-गलौज के बाद दोनों ने संजय के साथ मारपीट शुरू कर दी। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही लालगांव चौकी और गढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले में दो नामजद आरोपियों कृष्ण गोपाल तिवारी उर्फ मोनू मिश्रा (22), निवासी पिपरहा और गोलू तिवारी (30) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
लालगांव चौकी प्रभारी शैल यादव ने बताया कि मामूली विवाद के बाद मारपीट हुई थी, जिसमें संजय कोल की मौत हो गई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है
पोस्टमार्टम को लेकर दिनभर चला हंगामा हत्या की जानकारी के बाद रविवार को परिजन और ग्रामीण पोस्टमार्टम को लेकर विरोध कर रहे थे। परिजनों की मांग थी कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और परिवार को उचित सहायता दी जाए। पूर्व विधायक राम गरीब वनवासी सहित स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे थे।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया था। काफी देर तक चली बातचीत और समझाइश के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।







