बारिश ने खोली गौतम नगर की जल निकासी व्यवस्था की पोल, सड़कों पर भरा पानी जलभराव और कीचड़ से रहवासी परेशान, बोले बारिश होते ही हर बार बन जाती है यही स्थिति स्थायी समाधान की मांग

बारिश ने खोली गौतम नगर की जल निकासी व्यवस्था की पोल, सड़कों पर भरा पानी
जलभराव और कीचड़ से रहवासी परेशान, बोले बारिश होते ही हर बार बन जाती है यही स्थिति स्थायी समाधान की मांग
भोपाल, यश भारत। राजधानी के गौतम नगर क्षेत्र में बारिश के बाद जलभराव की समस्या ने रहवासियों की परेशानी बढ़ा दी। क्षेत्र के कई इलाकों की सड़कों पर बारिश का पानी जमा हो गया जिससे लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पानी के साथ कीचड़ जमा होने से पैदल चलने वालों के साथ दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों की परेशानी भी बढ़ गई। रहवासियों का कहना है कि गौतम नगर में जलभराव की समस्या नई नहीं है। बारिश शुरू होते ही कई स्थानों पर पानी जमा हो जाता है और लंबे समय तक निकासी नहीं होने से सड़कें जलमग्न बनी रहती हैं। इससे स्थानीय लोगों को घरों से निकलने और जरूरी कामों के लिए आने जाने में परेशानी होती है। कई जगह पानी और कीचड़ के कारण सड़क की स्थिति भी खराब हो रही है। नालियों की सफाई और निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग , स्थानीय लोगों ने क्षेत्र की नालियों की नियमित सफाई कराने और जल निकासी के लिए स्थायी व्यवस्था विकसित करने की मांग की है। रहवासियों का कहना है कि हर बारिश में अस्थायी रूप से पानी निकालने के बजाय समस्या के मूल कारण का समाधान किया जाना चाहिए। नालियों की क्षमता बढ़ाने और जहां जरूरी हो वहां नई निकासी लाइन विकसित करने की भी मांग की गई है। मुख्यमंत्री और नगर निगम से हस्तक्षेप की अपील , रहवासियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव नगर निगम अध्यक्ष और गौतम नगर क्षेत्र के संबंधित पार्षद से मामले में हस्तक्षेप कर सड़क एवं जल निकासी व्यवस्था सुधारने की मांग की है। उनका कहना है कि बारिश के मौसम में हर वर्ष होने वाली परेशानी को देखते हुए जल्द स्थायी समाधान किया जाना जरूरी है। रहवासियों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते जल निकासी व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आने वाली बारिश में समस्या और गंभीर हो सकती है।







