इतवारा चौक में पुलिस आयुक्त ने किया जनसंवाद – अवैध नशामुक्त क्षेत्र, ट्रैफिक और साइबर सुरक्षा पर दिया जोर

इतवारा चौक में पुलिस आयुक्त ने किया जनसंवाद – अवैध नशामुक्त क्षेत्र, ट्रैफिक और साइबर सुरक्षा पर दिया जोर
भोपाल, यश भारत । थाना तलैया अंतर्गत इतवारा चौक पर भोपाल पुलिस आयुक्त संजय कुमार की अध्यक्षता में जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन के समक्ष अपनी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव रखे, जिन पर सीपी द्वारा संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए।
जनसंवाद के दौरान स्थानीय नागरिकों ने मांग रखी कि गांजा एवं अन्य मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में लिप्त अपराधियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया कि किसी भी स्थिति में किसी निर्दोष व्यक्ति पर झूठी कार्रवाई न हो। इसके अलावा नागरिकों ने इतवारा क्षेत्र स्थित छेकोड़ी मंदिर के पास संचालित शराब दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग उठाई।
कार्यक्रम में कुचबंदिया
समाज के सामाजिक और आर्थिक उत्थान पर भी चर्चा हुई। समाज के बच्चों की पढ़ाई के लिए आर्थिक व शैक्षणिक सहायता, युवाओं को रोजगार-स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने और कपड़ा व्यवसाय से जुड़े लोगों को व्यवस्थित रूप से व्यवसाय संचालन हेतु छोटी-छोटी दुकानें या गुमटियां उपलब्ध कराने की मांग की गई।
जनसंवाद के अंत में पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने उपस्थित नागरिकों को ट्रैफिक नियमों के पालन की शपथ दिलाई। साथ ही साइबर अपराधों, सुरक्षित डिजिटल लेन-देन और ऑनलाइन ठगी से बचाव के तरीकों के प्रति जागरूक किया।
सूचना देने वाले का नाम रहेगा गोपनीय
पुलिस आयुक्त ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अवैधानिक गतिविधि की स्थिति में तत्काल डायल 112 पर संपर्क करें। इसके अतिरिक्त, मादक पदार्थों और अवैध हथियारों की गोपनीय सूचना देने के लिए विशेष मोबाइल नंबर 7587648330 जारी किया गया है। पुलिस प्रशासन द्वारा आश्वस्त किया गया है कि इस नंबर पर जानकारी देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।







