भाई ने ही भाई का किया कत्ल: शराब के 500 के लिए सिर पर सब्बल मारकर उतार दिया मौत के घाट

सागर, यशभारत l गौरझामर थाना क्षेत्र के ग्राम बहेरिया में ₹500 को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शराब के पैसे और लेन-देन को लेकर हुए झगड़े में बुआ के लड़के ने अपने ही ममेरे भाई के सिर पर सब्बल मारकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को शनिवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
शराब के ₹500 और लात मारने पर भड़का गुस्सा
थाना प्रभारी नासिर फारुकी के अनुसार, बहेरिया निवासी राहुल अहिरवार (28) और उसका फुफेरा भाई अशोक अहिरवार एक ही घर में साथ रहते थे और मजदूरी करते थे। पूछताछ में आरोपी अशोक ने बताया कि गुरुवार रात उसने राहुल को शराब लाने के लिए ₹500 दिए थे। राहुल न तो शराब लाया और न ही पैसे वापस लौटा रहा था। इसी बात को लेकर दोनों में तीखी बहस हो गई।
विवाद बढ़ने पर राहुल ने अशोक को लात मार दी। इससे तैश में आकर अशोक ने कमरे में रखी लोहे की सब्बल उठाई और राहुल के सिर पर दे मारी। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण राहुल की मौके पर ही मौत हो गई।
बचपन से मामा के घर रह रहा था आरोपी
जांच में सामने आया कि आरोपी अशोक मूलतः मकरोनिया के महात्मा गांधी वार्ड का रहने वाला है। पिता के निधन के बाद से वह वर्षों से अपने मामा के घर बहेरिया में ही रह रहा था, जबकि उसकी मां और छोटा भाई सागर में रहते हैं।
पुलिस कार्रवाई
घटना के बाद परिजनों की सूचना पर शुक्रवार को मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और हत्या का मामला दर्ज किया। शनिवार को आरोपी अशोक अहिरवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।







