करेंसी एक्सचेंज के नाम पर पांच लाख की ठगी, तीन गिरफ्तार – सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पचोर पुलिस, 2.40 लाख रुपए बरामद

करेंसी एक्सचेंज के नाम पर पांच लाख की ठगी, तीन गिरफ्तार
– सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पचोर पुलिस, 2.40 लाख रुपए बरामद
भोपाल, यश भारत । करेंसी एक्सचेंज के नाम पर पांच लाख रुपए की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पचोर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ठगी की रकम में से 2 लाख 40 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर ठगी की शेष राशि और घटना में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस के अनुसार सारंगपुर निवासी फरियादी ने 25 अगस्त को थाना पचोर में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि पचोर मंडी में एक महिला और दो पुरुषों ने करेंसी एक्सचेंज कराने के नाम पर उसके साथ छल-कपट कर पांच लाख रुपए हड़प लिए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश और रकम की बरामदगी के लिए विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को दबोच लिया। तलाशी में 2.40 लाख रुपए नकद बरामद हुए। पुलिस अब ठगी की बाकी रकम की बरामदगी के साथ ही आरोपियों के संभावित सहयोगियों की भूमिका की जांच कर रही है।







