एसबीआई कियोस्क संचालक ने महिला के साथ की धोखाधड़ी, खाते से गायब कर दी राशि, महिला ने दर्ज कराई रिपोर्ट, मामला दर्ज

कटनी, यशभारत। माधवनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत झिंझरी स्थित भारतीय स्टेट बैंक के कियोस्क केंद्र में धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। उपभोक्ता के खाते से धोखाधड़ी कर राशि निकालने के आरोप में माधवनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पिपरौध निवासी रेखा चौधरी पति शिवकुमार चौधरी ने बताया कि झिंझरी स्थित एसबीआई कियोस्क केंद्र के संचालक कर्मी तपिस जैन द्वारा उनके खाते से अनाधिकृत रूप से धोखाधड़ी कर राशि निकाल ली गई। यह फर्जीवाड़ा 29 जनवरी 2025 से 24 फरवरी 2026 के बीच अंजाम दिया गया। शिकायत की जांच के बाद माधवनगर पुलिस ने आरोपी तपिस जैन के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 316 (4), 336 (3) एवं 340 (2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और बैंक खातों के ट्रांजैक्शन रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं, ताकि धोखाधड़ी की पूरी रकम और कार्यप्रणाली का स्पष्ट खुलासा हो सके।







