गौरी घाट हादसे की जांच के लिए डीआईजी होमगार्ड पहुंचे जबलपुर
होमगार्ड की नाव डूबने की घटना को अधिकारियों ने लिया गंभीरता से, हादसे के कारणों की हो रही जांच

यश भारत, जबलपुर। गौरी घाट में होमगार्ड जवानों की नाव डूबने की घटना को होमगार्ड विभाग के अधिकारियों ने गंभीरता से लिया है। हादसे के बाद मध्यप्रदेश होमगार्ड के डीआईजी अमित सांगी जबलपुर पहुंचे हैं। वे मध्यप्रदेश आपदा प्रबंधन के प्रभारी भी हैं। उनके जबलपुर पहुंचने के बाद हादसे से जुड़े पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी ली जा रही है।
डीआईजी ने घटना के दौरान मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों से जानकारी लेते हुए नाव के डूबने के कारणों की पड़ताल शुरू की है। साथ ही राहत एवं बचाव कार्य, सुरक्षा व्यवस्था और मौके पर अपनाई गई प्रक्रिया की भी समीक्षा की जा रही है। अधिकारियों का प्रयास है कि हादसे के वास्तविक कारण सामने आ सकें और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा सकें। मामले में विभागीय स्तर पर रिपोर्ट तैयार की जा रही है।







