लिफ्ट देने के बहाने नाबालिग से ट्रक में दुष्कर्म: आरोपी ड्राइवर गिरफ्तार, दादी की डांट से नाराज होकर घर से निकली थी पीड़िता….

गोटेगांव । नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव थाना में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां लिफ्ट देने के बहाने एक 26 वर्षीय शादीशुदा टैंकर चालक ने 16 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीड़ित की शिकायत पर आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, गोटेगांव थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 16 वर्षीय नाबालिग शुक्रवार को अपनी दादी की डांट से नाराज होकर सुबह तड़के घर से निकल गई थी। सुबह करीब 6 बजे वह पैदल चलते हुए गोटेगांव पहुंची और वहां से नरसिंहपुर की ओर आगे बढ़ने लगी। सुबह करीब 10 बजे नरसिंहपुर मार्ग पर लड़की ने एक पेट्रोल टैंकर को रुकवाकर लिफ्ट मांगी। उसने चालक से उसे नरसिंहपुर के डोकरघाट स्थित दादा महाराज मंदिर के पास छोड़ने का आग्रह किया। हालांकि, गंतव्य आने के बाद भी आरोपित ड्राइवर ने गाड़ी नहीं रोकी। उसने नाबालिग को बहलाया-फुसलाया और कहा, “मैं तुम्हें छिंदवाड़ा घुमाकर लाता हूं।” इसके बाद वह टैंकर को छिंदवाड़ा रोड की तरफ ले गया।
स्टेट हाईवे पर लंबा जाम होने के कारण शाम हो चुकी थी और धीरे-धीरे अंधेरा घिरने लगा। इसी का फायदा उठाकर आरोपित ड्राइवर टैंकर को एक सुनसान जगह पर ले गया और केबिन के अंदर ही नाबालिग के साथ जबरन दुष्कर्म किया। वारदात के बाद जब आरोपित एक पेट्रोल पंप पर टैंकर खाली कर रहा था, तब डरी-सहमी पीड़िता ने वहां से भागने की कोशिश की। लेकिन आरोपित ने उसे पकड़ लिया। लड़की द्वारा घर जाने की मिन्नतें करने पर आरोपित ने कहा कि वह वापस शहपुरा जा रहा है, इसलिए उसे गोटेगांव छोड़ देगा। डर के मारे पीड़िता दोबारा टैंकर में बैठ गई। रास्ते में उसने आरोपित के ही मोबाइल फोन से अपने परिजनों को संपर्क किया।







