कुशाभाऊ ठाकरे की जयंती पर मुख्यमंत्री ने अर्पित की पुष्पांजलि बोले संगठन सेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित रहा उनका जीवन

कुशाभाऊ ठाकरे की जयंती पर मुख्यमंत्री ने अर्पित की पुष्पांजलि
बोले संगठन सेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित रहा उनका जीवन
भोपाल यश भारत । पूर्व भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ संगठनकर्ता स्व. कुशाभाऊ ठाकरे की जयंती पर शुक्रवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर परिसर में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके योगदान को स्मरण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने परिसर में आंवले का पौधा भी लगाया। उन्होंने कहा कि स्व. कुशाभाऊ ठाकरे का पूरा जीवन संगठन सेवा राष्ट्र निर्माण और जनसेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने अपने कार्य और विचारों से संगठन को मजबूत आधार प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ठाकरे के सादगीपूर्ण जीवन अनुशासन और संगठन के प्रति समर्पण से आज भी कार्यकर्ताओं और समाज को प्रेरणा मिलती है। उनके विचार एवं आदर्श वर्तमान पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक हैं। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने भी स्व. ठाकरे के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।







