एक डायलॉग ने रोक दी शूटिंग, फिर बाल कलाकार ने लिया बाबा का नाम और बदल गया पूरा सीन हनुमान अंश के सात्विक शर्मा ने सुनाया सेट का अनुभव, चार साल की उम्र में शुरू किया था अभिनय

एक डायलॉग ने रोक दी शूटिंग, फिर बाल कलाकार ने लिया बाबा का नाम और बदल गया पूरा सीन
हनुमान अंश के सात्विक शर्मा ने सुनाया सेट का अनुभव, चार साल की उम्र में शुरू किया था अभिनय
भोपाल, यश भारत। कैमरा ऑन था पूरी टीम तैयार थी और सीन शूट होना था। लेकिन आठ साल के सात्विक शर्मा के सामने एक संवाद बार बार मुश्किल बनकर खड़ा हो रहा था। शब्द जुबान पर आते और कहीं न कहीं अटक जाते। कई बार कोशिश हुई रीटेक हुए लेकिन बात नहीं बनी। फिल्म हनुमान अंश की शूटिंग से जुड़ा यह अनुभव अब सात्विक के लिए यादगार बन गया है। सात्विक के मुताबिक कठिन संवाद बोलने में परेशानी होने पर वे काफी असहज हो गए थे। लगातार कोशिशों के बाद भी जब बात नहीं बनी तो उन्होंने नीम करौली बाबा और बजरंगबली को याद किया। इसके बाद दोबारा कैमरे के सामने पहुंचे। इस बार वही संवाद बिना किसी रुकावट के एक ही टेक में पूरा हो गया। सात्विक इसे बाबा और बजरंगबली की कृपा मानते हैं। बातचीत के दौरान उन्होंने उस संवाद को दोबारा पूरे आत्मविश्वास से बोलकर भी सुनाया। अभिनय के साथ सुरों की दुनिया में भी कदम, सात्विक की पहचान केवल कैमरे के सामने अभिनय तक सीमित नहीं है। उन्हें गायन में भी रुचि है। बातचीत के दौरान जब उन्होंने पार्वती भजन सुनाया तो वहां मौजूद लोग उनकी आवाज की मिठास और आत्मविश्वास से प्रभावित हुए। कम उम्र में अभिनय के साथ संवाद अदायगी और गायन का हुनर उनके व्यक्तित्व को अलग पहचान देता है । चार साल की उम्र में कैमरे से हुआ सामना , सात्विक का अभिनय सफर चार साल की उम्र में शुरू हुआ। इसके बाद उन्होंने धीरे धीरे टेलीविजन और वेब सीरीज में जगह बनाई। तारक मेहता का उल्टा चश्मा और पंचायत जैसे चर्चित प्रोजेक्ट्स में भी वे काम कर चुके हैं। फिल्म हनुमान अंश में सात्विक की भूमिका ने उन्हें एक नई पहचान दी है। महज आठ साल की उम्र में सात्विक जिस सहजता से कैमरे का सामना करते हैं वह उनकी मेहनत और आत्मविश्वास को दिखाता है। फिल्म के बाद उनके अभिनय को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ी है और सात्विक के लिए यह सफर अभी शुरुआत भर माना जा रहा है।






