भोपाल एयरपोर्ट पर किया एंटी-हाइजैक मॉक ड्रिल – आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों का परीक्षण

भोपाल एयरपोर्ट पर किया एंटी-हाइजैक मॉक ड्रिल
– आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों का परीक्षण
भोपाल, यश भारत। राजा भोज विमानतल पर वार्षिक एंटी-हाइजैक मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। इस अभ्यास का उद्देश्य विमान अपहरण जैसी आपात परिस्थितियों में सुरक्षा एजेंसियों की त्वरित और समन्वित कार्रवाई की तैयारियों को परखना था। ड्रिल के दौरान विमान अपहरण की काल्पनिक स्थिति बनाई गई। जैसे ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल को हाईजैक की सूचना मिली, तुरंत एरोड्रम कमेटी के सभी सदस्यों को अलर्ट किया गया। इसके बाद सभी अधिकारी तकनीकी ब्लॉक के द्वितीय तल स्थित कंट्रोल रूम में एकत्र हुए और आपात स्थिति से निपटने की प्रक्रिया शुरू की गई। अभ्यास का संचालन आईपीएस अधिकारी कृष्णावेणी देशावतु, सचिव गृह विभाग, मध्यप्रदेश शासन की मौजूदगी में किया गया। इस दौरान विभिन्न सुरक्षा एवं आपातकालीन एजेंसियों के बीच समन्वय, संचार और प्रतिक्रिया प्रणाली का वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप परीक्षण किया गया। ड्रिल में विमानपत्तन निदेशक रामजी अवस्थी, सीआईएसएफ कमांडेंट अतुल भनौत्रा सहित भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड, नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो, जिला प्रशासन, पुलिस, भारतीय सेना और इंटेलिजेंस ब्यूरो के अधिकारियों ने भाग लिया।








