कैशलेस पार्किंग से बदलेगा भोपाल का ट्रैफिक सिस्टम

कैशलेस पार्किंग से बदलेगा भोपाल का ट्रैफिक सिस्टम
– न्यू मार्केट और एमपी नगर में फास्ट टैग यूपीआई से भुगतान, एएनपीआर कैमरे खुद दर्ज करेंगे वाहनों की एंट्री-एग्जिट
भोपाल, यशभारत। राजधानी की पार्किंग व्यवस्था को आधुनिक और डिजिटल बनाने की दिशा में नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। एमपी नगर और न्यू मार्केट की मल्टी लेवल पार्किंग में फास्ट टैग यूपीआई और मोबाइल एप आधारित स्मार्ट पार्किंग व्यवस्था शुरू की गई है। निगम का लक्ष्य भोपाल की कैशलेस पार्किंग व्यवस्था को दूसरे शहरों के लिए रोल मॉडल बनाना है।
निगम ने 9 जुलाई 2026 से शहर की पांच मल्टी लेवल पार्किंग में कैशलेस व्यवस्था शुरू करते हुए पार्किंग शुल्क के नकद भुगतान को प्रतिबंधित किया है। एमपी नगर और न्यू मार्केट टीटी नगर मल्टी लेवल पार्किंग में वाहन खड़ा करने वाले नागरिक फास्ट टैग और यूपीआई के जरिए शुल्क का भुगतान कर सकेंगे।
नंबर प्लेट देखते ही दर्ज होगी एंट्री
स्मार्ट पार्किंग में प्रवेश द्वार पर लगे ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन कैमरे वाहन की नंबर प्लेट को स्वत: पहचानेंगे। इसके बाद फास्ट टैग रीडर के माध्यम से वाहन की एंट्री डिजिटल रूप से दर्ज होगी और पार्किंग रिकॉर्ड अपने आप तैयार हो जाएगा।







