…तो 8 अगस्त से थम जाएंगे बसों के पहिए, किराया वृद्धि सहित अन्य मांगों को लेकर बस ऑनर्स एसोसिएशन ने दी चेतावनी

कटनी, यशभारत। किराया वृद्धि सहित 8 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदेश भर के बस मालिक आगामी 8 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। मप्र बस ओनर्स एसोसिएशन ने निर्णय लिया है कि अगर उनकी मांगें शासन ने नहीं मानीं तो बसों के पहिए जाम कर दिए जाएंगे। बस ऑपरेटर एसोसिएशन के अध्यक्ष शुभप्रकाश मिश्रा ने बताया कि शासन से पिछले 5 साल से किराया वृद्धि की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार हमारी मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है। 15 जून को किराया बोर्ड की बैठक में भी प्रस्ताव रखा गया लेकिन आज तक निर्णय नहीं हो सका है। किराया बोर्ड के प्रस्ताव में 2.50 रुपए प्रति किलोमीटर किराया बढ़ाने की मांग की है। इसके अलावा 7 अन्य मांगें भी हैं। यदि 7 अगस्त की रात 12 बजे तक मांगें नहीं मानी जाती हैं तो अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। वर्ष 2021 में डीजल का भाव 69 रुपए प्रति लीटर था, जो अब बढक़र 100 के पार पहुंच गया है। शासन स्तर पर दो बार की बैठकें होने के बाद भी किराए पर कोई निर्णय नहीं लिया गया है। पड़ोसी राज्यों में करीब 2 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से वृद्धि की गई। 7 जुलाई को जारी राष्ट्रीयकरण से संबंधित राजपत्र का प्रकाशन तत्काल वापस लिया जाए। इस नीति से निजी बस चालकों व उनकी आने वाली पीढ़ी का भविष्य और रोजगार प्रभावित हो रहा है। टेंडर प्रक्रिया के जरिए बस चालकों से रायल्टी वसूलने की तैयारी को बंद किया जाए। 6 जुलाई को प्रकाशित टेंडर को तत्काल निरस्त किया जाए।.परिवहन विभाग द्वारा पूर्व में पंजीकृत सभी वाहनों को पूर्ण वैध माना जाए और उन पर कोई कार्रवाई न की जाए। बनकर तैयार खड़ी करीब 1200 नई बसों का अविलंब पंजीकरण किया जाए।







