शहर के कई प्रमुख चौराहों पर बंद ट्रैफिक सिग्नल, बिना नियंत्रण दौड़ रहे वाहन
रद्दी चौकी, तीन पत्ती समेत प्रमुख चौराहों पर बिगड़ी यातायात व्यवस्था, हादसों का बढ़ा खतरा

जबलपुर, यश भारत। शहर की यातायात व्यवस्था इन दिनों गंभीर लापरवाही का शिकार होती दिखाई दे रही है। रद्दी चौकी, तीन पत्ती सहित शहर के कई प्रमुख और व्यस्त चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल लंबे समय से बंद पड़े हैं। लाल, पीली और हरी तीनों सिग्नल लाइटें काम नहीं कर रही हैं, जिसके कारण वाहन बिना किसी नियंत्रण के चौराहों से गुजर रहे हैं। इससे न केवल ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित हो गई है, बल्कि हर समय सड़क दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।
रद्दी चौकी शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में से एक है, जहां दिनभर हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। वहीं तीन पत्ती चौराहा भी शहर का प्रमुख यातायात केंद्र है, जहां चारों दिशाओं से लगातार वाहनों की आवाजाही रहती है। इसके अलावा शहर के अन्य कई चौराहों पर भी ट्रैफिक सिग्नल बंद होने से वाहन चालक अपनी सुविधा के अनुसार निकल रहे हैं, जिससे जाम और अव्यवस्था की स्थिति बन रही है।
सुबह और शाम के व्यस्त समय में समस्या और गंभीर हो जाती है। चारों ओर से एक साथ वाहन आने के कारण लंबा जाम लग जाता है। कई बार वाहन चालक जल्दबाजी में तेज गति से चौराहा पार करते हैं, जिससे आमने-सामने की टक्कर का खतरा बना रहता है। सिग्नल बंद होने के कारण किसी भी दिशा के वाहन को प्राथमिकता नहीं मिलती, जिससे यातायात पूरी तरह भगवान भरोसे संचालित हो रहा है।
सबसे अधिक परेशानी पैदल राहगीरों, स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है। लगातार गुजरते वाहनों के बीच सड़क पार करना जोखिम भरा हो गया है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि अधिकांश समय ट्रैफिक पुलिस भी मौके पर मौजूद नहीं रहती, जिससे स्थिति और अधिक बिगड़ जाती है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग और यातायात पुलिस को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक बंद पड़े सिग्नलों की मरम्मत नहीं कराई गई। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो किसी भी दिन बड़ा सड़क हादसा हो सकता है।







