घर में घुसा विशाल मगरमच्छ, डेढ़ घंटे के रेस्क्यू के बाद पकड़ा गया
मंदसौर,यशभारत

मंदसौर,यशभारत। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के नारायणगढ़ नगर में सोमवार सुबह एक घर में विशालकाय मगरमच्छ घुस आने से हड़कंप मच गया। यह घटना शैलेन्द्र पाटीदार के घर की है, जहां उनकी पत्नी सुबह रसोई में चाय बनाने जा रही थीं। तभी सीढ़ियों पर बैठे मगरमच्छ को देखकर वह घबरा गईं और तुरंत परिवार के अन्य सदस्यों को सूचना दी। परिवार ने सूझबूझ दिखाते हुए घर से बाहर निकलकर दरवाजा बंद कर दिया और वन विभाग को सूचना दी। घर में मगरमच्छ होने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम और नारायणगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। भीड़ को नियंत्रित करने के बाद वन विभाग ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया गया। इसके बाद उसे वन विभाग अपने साथ ले गया, जहां उसे उपयुक्त प्राकृतिक जलस्रोत में छोड़ा जाएगा।वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि लगातार हो रही मानसूनी बारिश से नालों और जलाशयों का जलस्तर बढ़ने के कारण मगरमच्छ जैसे वन्यजीव रिहायशी क्षेत्रों में पहुंच रहे हैं। विभाग ने लोगों से अपील की है कि ऐसे किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर स्वयं उसे पकड़ने की कोशिश न करें, बल्कि तत्काल वन विभाग या पुलिस को सूचना दें।







