कछपुरा ब्रिज के पास मेट्रो बस की टक्कर से महिला की मौत, चालक फरार
हादसे के बाद चालक बस लेकर मौके से भाग निकला

जबलपुर,यशभारत। संजीवनी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कछपुरा ब्रिज के पास शुक्रवार दोपहर तेज रफ्तार मेट्रो बस की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसकी बेटी और दामाद घायल हो गए। हादसे के बाद बस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार यादव कॉलोनी निवासी 42 वर्षीय कविता पटेल अपनी बेटी और दामाद के साथ बाइक से गढ़ा की ओर जा रही थीं। दोपहर करीब 2 बजे कछपुरा ब्रिज की ढाल के पास सामने से आ रही मेट्रो बस के चालक ने अचानक लापरवाहीपूर्वक यू-टर्न ले लिया, जिससे बाइक सीधे बस से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने कविता पटेल को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल बेटी और दामाद का उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद चालक बस लेकर मौके से भाग निकला। सूचना मिलते ही संजीवनी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना करने वाली मेट्रो बस का नंबर MP-20-PA-1271 है। आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।







