कटनीमध्य प्रदेश

भरौली स्थित एएसके एग्रो फैक्ट्री में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक

दस दमकल वाहनों ने संभाला मोर्चा, घंटों चला राहत एवं बचाव कार्य; आग लगने के कारणों की जांच शुरू

भरौली स्थित एएसके एग्रो फैक्ट्री में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक

दस दमकल वाहनों ने संभाला मोर्चा, घंटों चला राहत एवं बचाव कार्य; आग लगने के कारणों की जांच शुरू

कटनी, यशभारत। माधवनगर थाना क्षेत्र के ग्राम भरौली स्थित एएसके एग्रो (दाल मिल) फैक्ट्री में बुधवार दोपहर अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और फैक्ट्री परिसर में रखा लाखों रुपये मूल्य का कच्चा माल, तैयार उत्पाद एवं अन्य सामग्री जलकर खाक हो गई। घटना के दौरान फैक्ट्री परिसर से धुएं का विशाल गुबार उठता दिखाई दिया, जिसे दूर-दूर तक देखा गया।
घटना की सूचना मिलते ही माधवनगर पुलिस और नगर निगम के दमकल अमले ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। आग की गंभीरता को देखते हुए करीब दस दमकल वाहनों को मौके पर लगाया गया। दमकल कर्मियों ने लगातार कई घंटों तक मशक्कत कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। आग को आसपास के हिस्सों में फैलने से रोकने के लिए भी विशेष सतर्कता बरती गई।
जानकारी के अनुसार फैक्ट्री के संचालक मनीष संगतानी हैं। प्रारंभिक जानकारी में आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। शॉर्ट सर्किट सहित अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन और पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
आग की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने क्षेत्र में आवश्यक व्यवस्थाएं कीं और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा गया। प्रशासन के अनुसार आग से हुए नुकसान का आकलन फैक्ट्री प्रबंधन के साथ मिलकर किया जाएगा।
फायर अधिकारी शैलेंद्र दुबे ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। आग काफी विकराल थी, इसलिए अतिरिक्त दमकल वाहनों को भी बुलाया गया। लगातार प्रयास जारी हैं और स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए सभी संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button