कटनी

पटना में गलाया मण्णपुरम बैंक से लूटा सोना, प्रोडक्शन वारंट पर कटनी लाए आरोपियों से पूछताछ में बड़ा खुलासा, अब रिसीवर का स्केच तैयार करा रही कटनी पुलिस

कटनी, यशभारत। कटनी में वर्ष 2022 में हुए बहुचर्चित मणप्पुरम बैंक डकैती कांड में लूटे गए करीब 16 किलो सोने की जांच के बाद कटनी पुलिस के बाद पूछताछ में एक बड़ा सुराग मिला है। सूत्रों के मुताबिक उड़ीसा की संभलपुर जेल से 10 दिन के प्रोडक्शन वारंट पर लाए गए आरोपियों में शामिल अनुज कुमार शाह उर्फ आकाश ने पुलिस की पूछताछ में खुलासा किया है कि डकैती के बाद सोना लेकर वह सीधे बिहार की राजधानी पटना पहुंचा था, जहां उसने एक व्यक्ति को पूरा सोना दे दिया और उसे वहीं पर गलवा दिया। विदित हो कि कटनी पुलिस ने संभलपुर जेल में बंद अर्जुन उर्फ पीयूष जायसवाल, अखिलेश उर्फ विकास उर्फ जॉन राइट और अनुज कुमार शाह उर्फ आकाश को कटनी लाकर न्यायालय में पेश किया गया था, जहां से पुलिस ने तीनों को 3 सितंबर तक रिमांड पर लिया है। रंगनाथनगर पुलिस आरोपियों से लगातार पूछताछ कर रही है, ताकि लूटे गए सोने की सही लोकेशन और उसे गलाने वाले व्यक्ति तक पहुंचा जा सके। रंगनाथनगर पुलिस अब आरोपी आकाश द्वारा बताए गए हुलिए और अन्य जानकारियों के आधार पर सोना लेने और गलाने वाले रिसीवर का स्केच तैयार करा रही है। पुलिस का मानना है कि यदि इस व्यक्ति की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाता है तो तीन साल पुराने इस मामले में लूटे गए 16 किलो सोने की बरामदगी की दिशा में एक बड़ी सफलता मिल सकती है।
2022 में हुई थी करोड़ों की डकैती
गौरतलब है कि 26 नवंबर 2022 को बरगवां स्थित मणप्पुरम बैंक में छह हथियारबंद बदमाशों ने कर्मचारियों को बंधक बनाकर करीब 16 किलो सोना और नकदी लूट ली थी। मामले में अब तक सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, लेकिन लूटा गया सोना बरामद नहीं किया जा सका था। अब जांच में मिले इस नए मोड़ के बाद पुलिस की पूरी नजर उस रिसीवर पर टिक गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button