बंजारी के पास अनियंत्रित होकर पलटी बस, मासूम बच्ची की मौत, कई अन्य यात्री घायल

कटनी, यशभारत। विजयरघवगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बंजारी के समीप आज दोपहर एक अनियंत्रित यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस पलटने के बाद घटनास्थल पर यात्रियों की चीख-पुकार मच गई। थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने बताया रजा बस सर्विस की बस क्रमांक एमपी 14 बीडी 0811 आज पिपरा से मैहर जा रही थी। इसी दौरान ग्राम खजुरा बंजारी रोड पर पलट गई। दुर्घटना के तुरंत बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल 16 वर्षीय शिवानी लोधी पिता संतोष लोधी की विजयराघवगढ़ हॉस्पिटल में उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे में कई अन्य यात्री घायल हुए हैं। दुर्घटना में घायल यात्रियों को एम्बुलेंस की मदद से तत्काल विजयराघवगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से दुर्घटनास्थल पर फंसे घायल यात्रियों को बाहर निकालका उपचार के लिए हॉस्पिटल भेजा गया। बस में करीब 40 से 50 यात्री सफर कर रहे थे। करीब 10 से 15 बच्चों को चोट आई है।







