यार्ड रीमॉडलिंग से प्रभावित रहेंगी टे्रनें, कई गाडिय़ों के बदले रूट, एक बार फिर परेशान होंगे मुसाफिर

कटनी, यशभारत। टे्रन सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। सितंबर और अक्टूबर में कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल में वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-बीना सेक्शन के आगासोद स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग का काम चल रहा है। इसी वजह से रेलवे ने कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया है। इस दौरान 5 ट्रेनों को बदले हुए रूट से चलाया जाएगा, जबकि 2 ट्रेनें अपने निर्धारित समय से करीब 3 घंटे देरी से रवाना होंगी। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन के रूट और समय की जानकारी जरूर जांचने की अपील की है। ट्रेन नंबर 12823 दुर्ग निजामुद्दीन संपर्क क्रांति एक्सप्रेस का भी रूट बदला गया है। 8 अक्टूबर को यह ट्रेन कटनी-ओहन-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी होकर निजामुद्दीन पहुंचेगी। इस बदलाव के कारण इस ट्रेन से यात्रा करने वाले यात्रियों को अपने यात्रा कार्यक्रम की जानकारी पहले से देख लेना जरूरी होगा। इसी तरह ट्रेन नंबर 18477 पुरी योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस भी प्रभावित रहेगी। 7 अक्टूबर को यह ट्रेन कटनी-ओहन-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी होकर संचालित की जाएगी। ट्रेन नंबर 22407 अंबिकापुर निजामुद्दीन एक्सप्रेस 8 अक्टूबर को परिवर्तित मार्ग से चलेगी। यह ट्रेन कटनी-ओहन-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी होकर निजामुद्दीन जाएगी।
2 ट्रेनों में लगेंगे एलएचबी कोच
यात्रियों के लिए एक और अच्छी खबर है। नवंबर से दो ट्रेनों में पुराने कोचों की जगह आधुनिक एलएचबी कोच लगाए जाएंगे। इससे यात्रियों को सफर के दौरान बेहतर सुविधा और सुरक्षा मिलने की उम्मीद है। ट्रेन नंबर 18257/18258 बिलासपुर-चिरमिरी-बिलासपुर एक्सप्रेस में एलएचबी कोच लगाए जाएंगे। बिलासपुर से यह ट्रेन 1 नवंबर से और चिरमिरी से 2 नवंबर से एलएचबी कोच के साथ संचालित होगी। इस बदलाव से इस रूट पर नियमित यात्रा करने वाले यात्रियों को अधिक आरामदायक सफर मिलने की उम्मीद है। ट्रेन नंबर 58221/58222 चिरमिरी-चंदिया रोड-चिरमिरी पैसेंजर में भी पुराने कोच हटाकर एलएचबी कोच लगाए जाएंगे। यह ट्रेन 2 नवंबर से एलएचबी कोच के साथ संचालित होगी।
आधुनिक तकनीक पर आधारित एलएचबी कोच
एलएचबी कोच आधुनिक तकनीक पर आधारित होते हैं। इन कोचों में बेहतर ब्रेकिंग सिस्टम और अधिक स्थिरता जैसी सुविधाएं होती हैं। दुर्घटना की स्थिति में भी इनका डिजाइन यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसके अलावा एलएचबी कोच में यात्रा के दौरान झटके और कंपन अपेक्षाकृत कम महसूस होते हैं। इससे लंबी दूरी के सफर में यात्रियों को ज्यादा आराम मिलता है रेलवे के मुताबिक पुराने कोचों की जगह एलएचबी कोच लगाने का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षितए सुविधाजनक और बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है।







