जलभराव और बदहाल सड़कों से नाराज लोगों ने फूंका नगर निगम का पुतला

जलभराव और बदहाल सड़कों से नाराज लोगों ने फूंका नगर निगम का पुतला
भोपाल, यश भारत । कटारा हिल्स स्थित अमलतास चौराहे पर रविवार को स्थानीय लोगों ने नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन कर पुतला फूंका। क्षेत्र में जलभराव, गंदगी, बदहाल सड़कों और बंद स्ट्रीट लाइटों को लेकर लोगों में आक्रोश नजर आया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बारिश के दौरान समस्याएं और गंभीर हो गई हैं, लेकिन नगर निगम द्वारा इनके समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ता भी शामिल हुए। युवक कांग्रेस नेता अनिकेत द्विवेदी ने नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों पर निशाना साधते हुए कहा कि वार्ड-85 के कई इलाकों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है और समस्याओं का अंबार लगा हुआ है। मुख्य सड़क से लेकर अंदरूनी मार्गों तक जगह-जगह गड्ढे होने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
स्थानीय लोगों ने कहा कि रात के समय कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें बंद रहती हैं, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है। उनका आरोप है कि नगर निगम द्वारा टैक्स तो नियमित रूप से वसूला जा रहा है, लेकिन उसके अनुरूप नागरिक सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र की समस्याओं का जल्द निराकरण करने की मांग की।







