मध्य प्रदेशराज्य

कांग्रेस नेता की चाकुओं से गोदकर हत्या : बाइक सवार बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम

रीवा। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत ट्रांसपोर्ट नगर के पास उस समय सनसनी फैल गई, जब बाइक सवार बदमाशों ने कांग्रेस नेता पर ताबड़तोड़ चाकुओं से हमला कर उनकी हत्या कर दी। मृतक की पहचान अमित कोल (36) पिता प्रकाश कोल निवासी वार्ड क्रमांक-4, शांति विहार कॉलोनी के रूप में हुई है। अमित कोल वर्तमान में आदिवासी कांग्रेस के जिला अध्यक्ष थे और पूर्व में वार्ड क्रमांक-4 से कांग्रेस पार्षद प्रत्याशी भी रह चुके थे।

Screenshot 20260729 115129.WhatsApp

जानकारी के अनुसार घटना शांति विहार कॉलोनी स्थित डोमिनोज पिज्जा के सामने, कल्याण पेट्रोल पंप के पास की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अमित कोल अपने कुछ दोस्तों के साथ खड़े होकर बातचीत कर रहे थे, तभी अचानक दो-तीन वाहनों में सवार होकर आए बदमाशों ने उन पर हमला बोल दिया। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने अमित कोल को घेरकर चाकुओं से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल अमित को अस्पताल ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण शुरू किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस ने घटना स्थल से दो बाइक भी बरामद की है। पुलिस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, राजनीतिक विवाद या अन्य कारणों की जांच की जा रही है। कांग्रेस नेता की हत्या की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश का माहौल है। पुलिस अधिकारियों ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।

दो-तीन वाहनों में आए थे हमलावर

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हमलावर पहले से घात लगाकर बैठे थे। जैसे ही अमित कोल अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे, बदमाशों ने अचानक हमला कर दिया। वारदात इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले आरोपी फरार हो चुके थे। शहर के पॉश इलाके में हुई इस सनसनीखेज हत्या ने पुलिस की गश्त और कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करना है। मामले में पुलिस द्वारा जांच तेज कर दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button