ई बसों के लिए कठोदा में तैयार हुआ चार्जिंग डिपो, 11 बस पहुंची जबलपुर, पहले चरण में शुरू होगी 20 बस

यश भारत, जबलपुर। शहर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से शुरू की जा रही इलेक्ट्रिक बस सेवा की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। पहले चरण में 20 इलेक्ट्रिक बसें जबलपुर पहुंच चुकी हैं। इन बसों के संचालन, रखरखाव और चार्जिंग के लिए नगर निगम द्वारा कठोदा में करीब चार एकड़ जमीन पर आधुनिक डिपो तैयार किया जा रहा है। जिसका काम अंतिम चरण में पहुंच गया है और पहले खेप में 11बस भी यहां पहुंच चुकी है।
16 बसें होंगी एक साथ चार्ज
डिपो में बसों की चार्जिंग के लिए 16 चार्जिंग पॉइंट बनाए गए हैं, जहां एक समय में 16 इलेक्ट्रिक बसें एक साथ चार्ज हो सकेंगी। इसके अलावा बसों को खड़ा करने के लिए अलग-अलग पार्किंग शेड तैयार किए जा रहे हैं। बसों के नियमित मेंटेनेंस के लिए भी डिपो में आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। यहां बसों की चार्जिंग के साथ-साथ उनके रखरखाव और पार्किंग की भी पूरी व्यवस्था की जा रही है।
100 बसें होने के बाद बढ़ेंगे रूट
पहले चरण में आने वाली 20 इलेक्ट्रिक बसें वर्तमान रूटों पर ही संचालित की जाएंगी। इसके बाद जब बसों की संख्या बढ़कर 100 हो जाएगी, तब शहर में 2 से 3 नए रूट शुरू किए जाएंगे। इससे अधिक क्षेत्रों तक सार्वजनिक परिवहन की सुविधा पहुंचेगी और आम नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सकेगी।






