‘नशे से दूरी, है जरूरी’ अभियान : नशा छोड़ने वालों का सम्मान, मैहर दर्शन के लिए रवाना हुई बस
जागरूक करने की शपथ दिलाई गई

जबलपुर, यशभारत। प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी, है जरूरी” जनजागरण अभियान के तहत सोमवार को रामपुर स्थित एकलव्य विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ, जिसमें युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने विद्यार्थियों और उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि परिवार और समाज की खुशहाली को भी प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज की सक्रिय भागीदारी से ही नशामुक्त मध्यप्रदेश का लक्ष्य साकार हो सकेगा।

कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह प्रमुख रूप से शामिल हुए | कार्यक्रम के दौरान इस अभियान से प्रेरित होकर नशे की लत छोड़ चुके लोगों का सम्मान किया गया। साथ ही सभी उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। अभियान के अंतर्गत एक विशेष पहल करते हुए नशा छोड़ने वाले लोगों को बस के माध्यम से मां शारदा देवी, मैहर के दर्शन के लिए रवाना किया गया। इस पहल का उद्देश्य नशामुक्त जीवन की नई शुरुआत करने वाले लोगों का उत्साहवर्धन करना और उन्हें सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित करना है।






