कटनी

ठेकेदार ने इंजीनियर पर लगाया बिल रोकने का आरोप, एसपी व निगमायुक्त को शिकायत, कार्रवाई की मांग

कटनी, यशभारत। नगर निगम में ठेकेदारी और ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय करने वाले चन्देश शुक्ला ने नगर निगम में पदस्थ इंजीनियर पवन श्रीवास्तव के खिलाफ कोतवाली थाने में शिकायत देकर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में उन्होंने वर्ष 2023-24 के सरकारी कार्यों के बिलों के भुगतान के एवज में कमीशन मांगने और इसके बाद रकम पर ब्याज वसूलने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता के अनुसार वर्ष 2023 में नगर निगम में इंजीनियर पवन श्रीवास्तव से उसकी मुलाकात हुई थी। आरोप है कि सरकारी बिलों के भुगतान के लिए उससे कमीशन की मांग की गई। इसके बाद करीब 5.50 लाख रुपए की राशि देने और उस पर प्रतिमाह 35 हजार रुपए ब्याज देने की बात कही गई। शुक्ला का दावा है कि अक्टूबर 2024 से अप्रैल 2026 तक वह प्रतिमाह ब्याज की राशि देता रहा और इस अवधि में करीब 6.65 लाख रुपए ब्याज के रूप में दे चुका है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मई 2026 से आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के कारण ब्याज का भुगतान नहीं कर पाने पर उसके नगर निगम के दो रोड और दो नाली के बिल रोक दिए गए। ये बिल करीब दो माह से लंबित बताए गए हैं। यह भी आरोप लगाया गया है कि श्रीवास्तव द्वारा उसे गाली-गलौज करने, धमकाने और नगर निगम में बदनाम करने की बात कही जाती रही है। शिकायत में यह भी आरोप है कि ब्याज की राशि नहीं देने पर सरकारी बिल पास नहीं होने देने तथा बिलों के एवज में कमीशन मांगने का दबाव बनाया जा रहा है। शिकायतकर्ता ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। मामले में पवन श्रीवास्तव का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button