सागर शराब त्रासदी: 39 आरोपी गिरफ्तार, बरेठा दुकान, वेयरहाउस से लिए शराब के सैंपल FSL रिपोर्ट में मिले सामान्य

सिद्धार्थ कुशवाहा समेत 12 फरार आरोपियों की तलाश में जुटी टीमें
सागर, यशभारत l बंडा क्षेत्र में सागर गोल्ड ब्रांड की नकली और जहरीली शराब पीने से हुई करीब तीन दर्जन मौतों के बाद प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। घटना के तुरंत बाद आबकारी विभाग ने बंडा, बरेठी और विनायका सहित विभिन्न क्षेत्रों की शराब दुकानों को सील कर दिया था। आबकारी विभाग और पुलिस द्वारा जांच के लिए भेजे गए शराब के सैंपलों की फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) रिपोर्ट आनी शुरू हो गई है, जिससे मामले के नए तथ्य सामने आ रहे हैं।
बरेठा दुकान और वेयरहाउस के सैंपल सामान्य
गुरुवार को आबकारी विभाग को FSL से बरेठा शराब दुकान और देशी शराब वेयरहाउस से लिए गए करीब एक दर्जन सैंपलों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई। रिपोर्ट के अनुसार, इन नमूनों में किसी भी प्रकार की जहरीली मिलावट होने की पुष्टि नहीं हुई है और ये सभी सामान्य पाए गए हैं। उल्लेखनीय है कि आबकारी विभाग ने मृतकों व सप्लायरों के घरों और जिलेभर की दुकानों से कुल 72 सैंपल जांच के लिए भेजे थे। सागर में पेंडेंसी अधिक होने के कारण विशेष रूप से इन सैंपलों को इंदौर लैब भेजा गया था, जहाँ से शेष रिपोर्ट भी जल्द आने की संभावना जताई जा रही है।
एक दर्जनों से अधिक आरोपी अभी भी फरार
हादसे के बाद पुलिस ने बंडा और विनायका थानों में अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर कुल 52 आरोपियों को नामजद किया था। इनमें से 39 आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है, जिनमें मुख्य आरोपी मनीष लोधी, चंद्रभान उर्फ चंदू राजा, शिवानंजय राजपूत और रवि लखेरा जैसे बड़े चेहरे शामिल हैं। परन्तु,मुख्य आरोपी सिद्धार्थ कुशवाहा जो कि एक बड़ा नाम है सहित 11 आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
मजबूत चार्जशीट की तैयारी में जुटी पुलिस
फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने के लिए पुलिस डिजिटल सबूतों व तकनीकी साक्ष्यों को एकत्र कर रही है। पुलिस का उद्देश्य अदालत में एक बेहद मजबूत चार्जशीट पेश करना है ताकि दोषियों को सख्त सजा दिलाई जा सके।







