‘ सुरक्षा बल’ की ही सुरक्षा खतरे में: नशे में धुत सिरफिरे ने RPF जवान का डंडा छीनकर की मारपीट

सतना यश भारत । सतना रेलवे स्टेशन पर नशे में धुत युवक द्वारा आरपीएफ के हेड कांस्टेबल पर हमला करने का मामला सामने आया है। युवक ने पहले रेलवे ट्रैक पर गिरकर अपनी जान जोखिम में डाल दी, जिसके बाद उसे बचाने वाले आरपीएफ जवान से ही विवाद करते हुए उसका डंडा छीन लिया और मारपीट शुरू कर दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया।
जीआरपी चौकी प्रभारी **राजेश राज** ने बताया कि आरपीएफ के हेड कांस्टेबल गोविंद नारायण सिंह प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 3 पर नियमित गश्त कर रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति, जिसकी पहचान बिहारीलाल (36), पिता गया प्रसाद, निवासी कौशाम्बी (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई, नशे की हालत में लड़खड़ाते हुए रेलवे ट्रैक पर गिर पड़ा।
हेड कांस्टेबल गोविंद नारायण सिंह ने आसपास मौजूद लोगों की मदद से युवक को सुरक्षित ट्रैक से निकालकर प्लेटफॉर्म पर पहुंचाया। इसके बाद जब उन्होंने युवक को समझाइश देते हुए फटकार लगाई तो वह आक्रोशित हो गया। देखते ही देखते उसने हेड कांस्टेबल का डंडा छीन लिया और उन पर हमला कर दिया।
घटना के दौरान स्टेशन पर मौजूद वेंडरों और अन्य लोगों की सहायता से आरपीएफ जवान ने किसी तरह युवक को काबू में किया। इसके बाद आरोपी को जीआरपी के हवाले कर दिया गया।
जीआरपी ने आरोपी बिहारीलाल के खिलाफ **शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, मारपीट करने तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राथमिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह काम के सिलसिले में मुंबई जा रहा था, लेकिन अत्यधिक नशे की वजह से सतना रेलवे स्टेशन पर उतर गया और उसके बाद यह पूरी घटना हुई।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है तथा वायरल वीडियो सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







